Home मनोरंजन सतीश शाह को याद कर भावुक हुए राजेश कुमार, बताया- उनकी सिफारिश...

सतीश शाह को याद कर भावुक हुए राजेश कुमार, बताया- उनकी सिफारिश से मिली ‘है जवानी तो इश्क होना है’

1
0

मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेता राजेश कुमार और दिवंगत अभिनेता सतीश शाह ने लंबे समय तक साथ काम किया और एक-दूसरे के बेहद करीब रहे। हाल ही में राजेश कुमार ने अपनी आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर ऐसी बात बताई, जिसने सभी को भावुक कर दिया।

राजेश ने बताया कि यह फिल्म हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी, क्योंकि इस फिल्म के लिए उनकी सिफारिश खुद सतीश शाह ने की थी। अभिनेता ने कहा कि वह इसे सतीश शाह की आखिरी सिफारिश मानते हैं और यही वजह है कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास बन गई है।

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान राजेश कुमार ने पूरा किस्सा विस्तार से साझा किया। उन्होंने कहा, ”जब फिल्म की कास्टिंग चल रही थी, तब मुझे कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का फोन आया। इसके बाद मेरी बातचीत निर्देशक डेविड धवन से हुई। उस समय मैं भारत से बाहर था, लेकिन डेविड धवन मुझसे मिलने के लिए करीब 25 दिनों तक इंतजार करते रहे। यह बात मुझे अंदर तक छू गई कि इतने बड़े निर्देशक ने मुझसे मिलने और बात करने के लिए इतना समय दिया।”

राजेश कुमार ने आगे कहा, “डेविड धवन और सतीश शाह बहुत पुराने दोस्त थे। दोनों एक ही बैच में पढ़े थे, और उनके बीच गहरी दोस्ती थी। जब डेविड धवन अपनी फिल्म के लिए कलाकारों का चयन कर रहे थे, तब उन्होंने सतीश शाह से मेरे बारे में पूछा कि राजेश किस तरह के अभिनेता हैं और क्या वह इस फिल्म के लिए सही रहेंगे। इस पर सतीश शाह ने मेरा नाम सुझाया और मेरी खूब तारीफ की।”

राजेश कुमार ने कहा, ”मुझे लगता है कि सतीश शाह आज भी इस फिल्म को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। वह हमेशा दूसरों को आगे बढ़ाने वाले इंसान थे। वह मजाकिया स्वभाव के थे और सेट पर हर किसी को हंसाते रहते थे। उनके साथ काम करना हमेशा एक सीख जैसा होता था। उनके जैसे कलाकार बहुत कम होते हैं, जो अपने अनुभव से दूसरों को प्रेरित करते हैं।”

बता दें कि सतीश शाह का निधन 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में हुआ था। उनके निधन की खबर ने पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया था।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here