Home मनोरंजन सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को प्रोटोन ईमेल के जरिए धमकी,...

सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को प्रोटोन ईमेल के जरिए धमकी, मांगी फिरौती

1
0

मुंबई, 11 फरवरी (आईएएनएस) फिल्म इंडस्ट्री में अपराधियों की धमकियां लगातार बढ़ रही हैं। रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग और रणवीर सिंह को मिली धमकी के बाद अब सलमान खान के जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को भी धमकी भरा ईमेल मिला है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है और करोड़ों रुपए की फिरौती मांगी।

मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, यह धमकी प्रोटोन ईमेल (एक सुरक्षित और गुमनाम ईमेल सेवा) के जरिए भेजी गई है। ईमेल में पैसे न देने पर जान से मारने की साफ चेतावनी दी गई है। हालांकि, अभी तक सलमान खान या आयुष शर्मा की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं, धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का होने का भी दावा किया है। पुलिस अलर्ट मोड पर है और लगातार अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और एहतियातन सतर्कता बरत रहे हैं। जांच शुरू हो चुकी है। क्राइम ब्रांच को मिली जानकारी के मुताबिक, बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के घरों के आसपास ट्रेस हुई है। गैंग ने अपने अलग-अलग गुर्गों को रेकी का काम सौंप रखा था। पुलिस इन सभी सुरागों को इकट्ठा कर रही है और जांच को आगे बढ़ा रही है।

यह घटना रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के महज कुछ दिनों बाद सामने आई है। सलमान खान पहले से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों का सामना कर रहे हैं। गैंग ने उनके पनवेल स्थित घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी। अब उनके करीबी परिवार के सदस्य आयुष शर्मा को निशाना बनाकर वसूली की धमकी दी गई है।

पुलिस का मानना है कि ये सारी धमकियां मुख्य रूप से वसूली के मकसद से दी जा रही हैं। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुटी हुई है।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here