टेक न्यूज़ डेस्क – इन दिनों एंड्रॉयड मैलवेयर की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में अमेजन के ऐप स्टोर में एक ऐसे ही खतरनाक ऐप की पहचान हुई है। दिग्गज सिक्योरिटी फर्म मैकएफी लैब्स ने इस महीने की शुरुआत में एक खतरनाक ऐप के बारे में अलर्ट जारी किया था। शोधकर्ताओं ने अमेजन को इसके संभावित खतरों के बारे में पहले ही जानकारी दे दी थी। जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि अमेजन ऐप स्टोर को अक्सर थर्ड पार्टी ऑप्शन के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है और यह ज्यादातर टैबलेट में देखने को मिलता है। आइए जानते हैं कौन सा है वो खतरनाक ऐप…
इस खतरनाक ऐप का नाम क्या है?
मैकएफी लैब्स का कहना है कि ऐप का नाम BMICalculationVsn है, जो एक स्वास्थ्य-केंद्रित ऐप के तौर पर लोकप्रिय है लेकिन इस ऐप को PT Visionet Data Internasional ने डेवलप किया है और रिपोर्ट में बताया गया है कि यह यूजर्स का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) कैलकुलेट करता है, लेकिन असल में यह ऐप एक स्पाइवेयर है, जो डिवाइस के लिए बड़ा खतरा बन सकता है और आपको जोखिम में डाल सकता है। सिक्योरिटी फर्म का कहना है कि जब कोई यूजर BMI कैलकुलेट करने के लिए “कैलकुलेट” बटन पर टैप करता है, तो ऐप रिकॉर्डिंग की अनुमति मांगना शुरू कर देता है। जिसकी मदद से ऐप पासवर्ड, पेमेंट डिटेल और ऑडियो डिटेल जैसे डेटा को एक्सेस कर सकता है। इसके अलावा ऐप में ऐसे फंक्शन भी जोड़े गए हैं, जो यूजर्स की प्राइवेसी को खतरे में डाल सकते हैं।
ऐप को तुरंत डिलीट करें
रिपोर्ट में McAfee ने इस ऐप को तुरंत डिलीट करने को कहा है। यह ऐप न सिर्फ यूजर्स का डेटा चुरा रहा है, बल्कि इसे थर्ड पार्टी ऐप स्टोर से एप्लीकेशन डाउनलोड करने वाले डिवाइस पर अटैक करने के लिए भी डिजाइन किया गया है।
तो अब अपने डिवाइस को कैसे सुरक्षित रखें?
इससे बचने के लिए अपने डिवाइस में Google Play Protect को ऑन रखें। इसे मैलवेयर का पता लगाने और ब्लॉक करने के लिए डिजाइन किया गया है। साथ ही थर्ड पार्टी ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड करने से बचें। यानी ऐप को सिर्फ Google के Play Store और Apple के ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।