Home खेल सैयद मोदी इंटरनेशनल: तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा और किदांबी श्रीकांत ने सेमीफाइनल...

सैयद मोदी इंटरनेशनल: तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा और किदांबी श्रीकांत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई

4
0

लखनऊ, 28 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मोदी इंटरनेशनल में शुक्रवार का दिन महिला और पुरुष टॉप सीड के लिए मिला-जुला रहा। तन्वी शर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं सिंगापुर के जय हेंग जेसन तेह क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए।

पहले राउंड में पूर्व विश्व चैंपियन जापान की नोजोमी ओकुहारा को हराने वाली सोलह साल की तन्वी शर्मा ने हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 38 मिनट तक चले इस मुकाबले में तन्वी ने 21-13, 21-19 से जीत दर्ज की। तन्वी का मुकाबला अब जापान की 5वीं सीड हिना अकेची से होगा। हिना अकेची ने सुंग शुओ युन को 21-8, 21-15 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

अन्य मुकाबलों में भारत की उन्नति ने हमवतन रक्षिता श्री संतोष आर को 21-15, 13-21, 21-16 से हराया। सेमीफाइनल में उन्नति का सामना तुर्की की चौथी सीड नेसलीहान एरिन से होगा। एरिन ने भारत की इशारानी बरुआ को 21-19, 13-21, 21-15 से हराया।

पुरुषों के टॉप सीड जेसन तेह, जापान के मिनोरू कोगा से एक घंटे और पांच मिनट चले मुकाबले में 19-21, 21-12, 20-22 से हार गए। कोगा सेमीफाइनल में हांगकांग के जेसन गुनावान से भिड़ेंगे।

दूसरे सेमीफाइनल में किदांबी श्रीकांत और मिथुन मंजूनाथ आमने-सामने होंगे। यह पूरी तरह भारतीय मुकाबला होगा।

श्रीकांत अपने ही देश के प्रियांशु राजावत के इंजर्ड होने के बाद आखिरी चार में पहुंचे। वहीं मिथुन ने मनराज सिंह को 21-18, 21-13 से हराया।

महिला डबल्स इवेंट में, टॉप सीड गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली ने पांचवीं सीड तुर्की की बेंगिसु एर्सेटिन और नाजलिकन इंसी को 21-15, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

ट्रीसा मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में हरिहरन अम्साकारुनन के साथ भी खेलेंगी। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की अंदिका रामादियांस्याह और नोजोमी शिमिजु को 21-18, 21-14 से हराया था।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here