Home मनोरंजन सोनम ने अपने ‘डांस गुरु’ गोविंदा के साथ पुरानी यादें की ताजा

सोनम ने अपने ‘डांस गुरु’ गोविंदा के साथ पुरानी यादें की ताजा

4
0

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनम खान भले ही अब सिल्वर स्क्रीन से दूर हों, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए वह अपनी फिल्मी दुनिया की यादों को प्रशंसकों के साथ साझा करती रहती हैं। रविवार को सोनम ने गोविंदा के साथ बिताए पलों को याद कर उनकी सादगी और नेकदिली की तारीफ की।

अभिनेत्री ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोविंदा संग तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “गोविंदा मुझे अक्सर कहते थे, ‘तुम बिलकुल मेरे जैसी हो।’ शायद इसलिए कि हम दोनों का जीवन बहुत साधारण तरीके से शुरू हुआ था।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। उस दौर में सोनम को डांस में ज्यादा महारत हासिल नहीं थी, लेकिन गोविंदा उनके लिए एक गुरु की तरह थे। वे शूटिंग के दौरान सोनम का हाथ पकड़कर उन्हें डांस सिखाते थे। सोनम ने बताया कि उस समय डांस मास्टर्स को नए कलाकारों के लिए समय नहीं मिलता था और वे अक्सर चिढ़ जाते थे।

अभिनेत्री ने बताया कि एक समय में उन्होंने 30 से ज्यादा फिल्में साइन की थीं, लेकिन डांस न आने की वजह से उन्हें काफी मुश्किल होती थी। व्यस्त शेड्यूल के कारण रिहर्सल का समय भी नहीं मिलता था। ऐसे में गोविंदा हर बार उनकी मदद के लिए आगे आते थे। वह हर सीन से पहले सोनम को डांस स्टेप्स सिखाते और उनका हौसला बढ़ाते। सोनम ने गोविंदा को ‘सबसे साधारण और नेक दिल को-एक्टर’ बताते हुए कहा, “उनके जैसा दूसरा कोई नहीं।”

सोनम और गोविंदा ने ‘नकाब’, ‘विश्वात्मा’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था, जिसके बाद दर्शकों ने दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया था।

अभिनेत्री के करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने साल 1987 में तेलुगु फिल्म से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने साल 1988 में यश चोपड़ा की फिल्म ‘विजय’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्होंने ‘त्रिदेव’, ‘अजूबा’ और ‘विश्वात्मा’ जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन अभिनेत्री को ‘तिरछी टोपी’ गाने से काफी पॉपुलैरिटी मिली थी। हालांकि, अपने करियर के शिखर पर 1991 में उन्होंने निर्देशक राजीव राय से शादी करने के बाद इंडस्ट्री छोड़ दी।

–आईएएनएस

एनएस/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here