क्या 2 दिसंबर को महंगाई फिर से आपकी जेब पर बोझ डालेगी? क्या टेलीकॉम कंपनियां 2 दिसंबर से अपने रिचार्ज की कीमतें फिर से बढ़ाएंगी? टेलीकॉम कंपनियों के प्लान महंगे होने की खबरें कुछ समय से आ रही हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि टेलीकॉम कंपनियां 2 दिसंबर से अपने प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं। अभी तक किसी कंपनी ने इसका ऐलान नहीं किया है। हालांकि, वोडाफोन-आइडिया (Vi) ने चुपचाप अपने 84 दिन वाले प्लान की कीमत बढ़ा दी है।
वोडाफोन-आइडिया ने अपने 84 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान की कीमत बढ़ा दी है, जिसकी पहले कीमत 509 रुपये थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह Vi प्रीपेड प्लान अब 548 रुपये में मिलेगा। प्लान की कीमत में 39 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, प्लान की कीमत बढ़ाने के साथ ही कंपनी ने इसमें मिलने वाले डेटा में भी बदलाव किया है। अब यूजर्स को पहले से ज्यादा डेटा मिलेगा।
Vi के इस प्लान में पूरे भारत में अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है। साथ ही, यूजर्स को 1,000 फ्री SMS का फायदा भी मिलता है। डेटा की बात करें तो यह प्लान अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल में अलग-अलग डेटा बेनिफिट देता है। पहले यह यूज़र्स को 6GB से 9GB डेटा देता था, जिसे अब बढ़ाकर 7GB से 10GB कर दिया गया है।
वोडाफोन-आइडिया के अलावा, एयरटेल भी अपने प्रीपेड प्लान्स बढ़ाने पर विचार कर रहा है। हाल ही में, कंपनी ने एक बार फिर ARPU (एवरेज रेवेन्यू पर यूज़र) में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। पिछले साल जुलाई में, प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों ने अपने रिचार्ज प्लान्स की कीमत 24% तक बढ़ा दी थी।
टेलीकॉम कंपनियों के प्रीपेड और पोस्टपेड मोबाइल टैरिफ बढ़ गए हैं। हालांकि, सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अपने प्लान्स बढ़ाने के मूड में नहीं है। कंपनी के चेयरमैन ने हाल ही में कहा कि BSNL का फोकस फिलहाल ज़्यादा से ज़्यादा यूज़र्स जोड़ने पर है। इसलिए, कंपनी फिलहाल टैरिफ बढ़ाने पर विचार नहीं कर रही है।








