मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीशा अग्रवाल का निधन हो गया है। इस बात की जानकारी मीशा के परिवार ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए दी है। मीशा की अचानक मौत की खबर से उनके प्रशंसक और चाहने वाले सदमे में हैं। इसी बीच मीशा का आखिरी पोस्ट भी चर्चा में आ गया है। आइए जानते हैं मीशा ने आखिरी पोस्ट क्या शेयर की थी?
मीशा की आखिरी पोस्ट
View this post on Instagram
मीशा के इंस्टाग्राम पर उनकी आखिरी पोस्ट एक रील है, जिसमें उन्होंने यूपी-पंजाब के बारे में बात की है। इस रील में देखा जा सकता है कि मीशा इस वीडियो में एक शख्स के साथ नजर आ रही हैं। दोनों का यह वीडियो काफी मजेदार है और अब चर्चा में है। वीडियो शेयर करते हुए मीशा ने इसके कैप्शन में लिखा है कि यूपी/पंजाब और दिल वाला इमोजी। उन्होंने आगे लिखा कि सारे चुटकुले, मौज-मस्ती और खेल मनोरंजन के लिए हैं, दिल पे मत लेना।
परिवार को दी मौत की जानकारी
अब मीशा के इस पोस्ट पर यूजर्स और उनके फैंस भी कमेंट कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस पोस्ट के बाद मीशा के अकाउंट पर एक और पोस्ट शेयर किया गया है। हालांकि, यह पोस्ट उनके परिवार द्वारा साझा की गई है, जिसमें मीशा की मौत की जानकारी दी गई है। इस पोस्ट में लिखा है कि यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि मीशा अग्रवाल का निधन हो गया है।
जन्मदिन से दो दिन पहले हुई मौत
पोस्ट में आगे कहा गया कि सभी को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। हम इस नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। कृपया उन्हें याद करें और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। आपको बता दें कि मीशा का निधन कैसे हुआ इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। अभी पता चला कि अपने जन्मदिन से दो दिन पहले 26 अप्रैल को मीशा ने 24 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।