Home खेल तीसरा टी20: शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी, भारत के पास 3-0...

तीसरा टी20: शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी, भारत के पास 3-0 की अजेय बढ़त

2
0

तिरुवनंतपुरम, 26 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के विरुद्ध 8 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया है।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस सीरीज में लगातार तीसरी बार टॉस जीता और श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

श्रीलंकाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए हसिनी परेरा और चामरी अथापथु की सलामी जोड़ी ने 4.3 ओवरों में 25 रन जुटाए।

चामरी महज 3 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। मेहमान टीम 45 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से इमेशा दुलानी ने कविशा दिलहारी के साथ पांचवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही श्रीलंकाई टीम लड़खड़ा गई।

इमेशा दुलानी 27 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि कविशा दिलहारी ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारतीय खेमे से रेणुका सिंह ने 4 विकेट निकाले, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट हासिल किए।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने महज 13.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 3.2 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की। मंधाना महज 1 रन ही टीम के खाते में जोड़ सकीं।

यहां से शेफाली वर्मा ने पारी को संभाला। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स (9) के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जुटाते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।

शेफाली ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में अटूट 48 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई। शेफाली 42 गेंदों में 3 छक्कों और 11 चौकों के साथ 79 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत ने 18 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए।

श्रीलंका की तरफ से कविशा दिलहारी इकलौती सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 ओवरों में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

भारत ने सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से जीता था, जिसके बाद अगले मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम किया। अब दोनों देश 28 और 30 दिसंबर को इसी मैदान पर सीरीज के शेष दो मैच खेलेंगे।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here