Home खेल ट्रेविस हेड और स्कॉट बोलैंड बीबीएल नहीं खेलेंगे

ट्रेविस हेड और स्कॉट बोलैंड बीबीएल नहीं खेलेंगे

2
0

नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। हाल ही में इंग्लैंड को एशेज सीरीज में 4-1 से रौंदने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रमुख खिलाड़ी देश में चल रही बिग बैश लीग (बीबीएल) में हिस्सा लेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि ट्रेविस हेड और स्कॉट बोलैंड बीबीएल में नहीं खेलेंगे।

हेड 629 रन बनाकर सीरीज के श्रेष्ठ स्कोरर रहे, जबकि बोलैंड ने 159.5 ओवर की गेंदबाजी की थी और 20 विकेट लिए थे। दोनों खुद को बीबीएल से दूर रखेंगे।

बिग बैश लीग में लौटने वाले खिलाड़ियों में एलेक्स कैरी (एडिलेड स्ट्राइकर्स), ब्रेंडन डॉगेट (मेलबर्न रेनेगेड्स), जोश इंग्लिस (पर्थ स्कॉर्चर्स), उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन (ब्रिस्बेन हीट), टॉड मर्फी और स्टीव स्मिथ (सिडनी सिक्सर्स), जेक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर (होबार्ट हरिकेंस) का नाम शामिल है। सभी 10 जनवरी से अपनी-अपनी टीमों के लिए उपलब्ध रहेंगे। माइकल नेसर 14 जनवरी को ब्रिस्बेन हीट में शामिल होंगे, जबकि मिचेल स्टार्क 16 जनवरी को सिडनी सिक्सर्स में वापस शामिल होंगे।

स्कॉट बोलैंड और ट्रैविस हेड सभी पांच एशेज टेस्ट मैच खेलने के बाद बीबीएल के लिए नहीं लौटेंगे। कैमरन ग्रीन भी पीठ दर्द से रिकवर कर रहे हैं, इस वजह से उपलब्ध नहीं हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि एशेज में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ी फिट होने के लिए अलग-अलग प्लान फॉलो करेंगे और आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की तैयारी करेंगे।

बिग बैश लीग्स के कार्यकारी प्रबंधक, एलिस्टेयर डॉबसन ने कहा, “बीबीएल 15 सीजन में शानदार क्रिकेट देखने को मिला है। फैंस का अनुभव भी शानदार रहा है। हम बहुत खुश हैं कि एशेज सीरीज जीतने के बाद कल रात से कई ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट खिलाड़ी लीग में लौट रहे हैं। बीबीएल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का हम शुक्रिया करते हैं।”

सीए के जनरल मैनेजर, नेशनल टीम्स, बेन ओलिवर ने कहा, “हमें ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टेस्ट टीम और एशेज जीतने में उनकी शानदार कामयाबी पर बहुत गर्व है। पांच टेस्ट की एशेज सीरीज बहुत मुश्किल होती है। खिलाड़ी और स्टाफ अपनी तैयारी और मैनेजमेंट के लिए श्रेय के हकदार हैं। बीबीएल में लौट रहे खिलाड़ियों का स्वागत करते हैं।”

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here