Home मनोरंजन पलाश मुच्छल की फिल्म में श्रेयस तलपड़े की एंट्री, लीड रोल में...

पलाश मुच्छल की फिल्म में श्रेयस तलपड़े की एंट्री, लीड रोल में आएंगे नजर

8
0

मुंबई, 19 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता श्रेयस तलपड़े फिल्म डायरेक्टर पलाश मुच्छल की अगली फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। यह फिल्म अभी तक बिना नाम (अनटाइटल्ड) है और इसमें श्रेयस एक आम आदमी के किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी दी है। तरण आदर्श ने अपनी पोस्ट में लिखा, “श्रेयस तलपड़े पलाश मुच्छल की अगली फिल्म में लीड रोल करेंगे। यह फिल्म मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी और श्रेयस इसमें एक साधारण इंसान का किरदार निभाएंगे।”

इस घोषणा के साथ ही उनके फैंस में उत्सुकता बढ़ गई है। श्रेयस तलपड़े पिछले कुछ सालों से अपनी मजबूत एक्टिंग के लिए चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने ‘गोली मार के ले लो’, ‘कट्टी बट्टी’, ‘तारीख’, ‘पुणेरी मिसाल’, ‘इमरजेंसी’ जैसी फिल्मों में काम किया है। उनकी कॉमेडी और ड्रामा दोनों में गहरी पकड़ है, जिसकी वजह से वह दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। अब पलाश मुच्छल के साथ उनका यह प्रोजेक्ट उन्हें एक नए अंदाज में पेश करेगा।

वहीं, पलाश मुच्छल सिंगर, म्यूजिक कंपोजर के साथ ही डायरेक्टर भी हैं। पलाश ‘भूतनाथ रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों के लिए संगीत दे चुके हैं और कई मशहूर गानों को कंपोज भी कर चुके हैं। वह उभरते हुए निर्देशक हैं, जिन्होंने अपनी पिछली फिल्मों में कहानी कहने का अनोखा तरीका अपनाया है।

उनकी फिल्में ज्यादातर रोजमर्रा की जिंदगी, इंसानी रिश्तों और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित होती हैं। उन्होंने साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘काम चालू है’ और साल 2022 की फिल्म ‘अर्ध’ का निर्देशन किया है। वहीं, नई फिल्म का बैकग्राउंड मुंबई शहर है, जो अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी, सपनों और संघर्षों के लिए जाना जाता है। आम आदमी की कहानी मुंबई की गलियों, लोकल ट्रेनों और उसकी चमक-धमक से जुड़ी होने की उम्मीद है।

पलाश की नई फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है। अभी तक फिल्म का टाइटल, अन्य कलाकारों के नाम और रिलीज डेट की जानकारी नहीं दी गई है।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here