Home मनोरंजन विशाल भारद्वाज को भा गया ‘अस्सी’ का ट्रेलर, बोले- इसे कहते हैं...

विशाल भारद्वाज को भा गया ‘अस्सी’ का ट्रेलर, बोले- इसे कहते हैं फिल्म पत्रकारिता

2
0

मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। समाज की कड़वी सच्चाई को बेनकाब करती अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ के दमदार ट्रेलर को आमजन के साथ ही फिल्म जगत के सितारों की ओर से भी खूब सराहना मिल रही है। फिल्म निर्माता-निर्देशक विशाल भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे न केवल शानदार बल्कि असली फिल्म पत्रकारिता भी बताया।

अनुभव सिन्हा की नई फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री में खूब चर्चा बटोर रहा है। ट्रेलर में दिखाई गई तीखी कहानी, मजबूत संवाद और प्रभावशाली परफॉर्मेंस ने दर्शकों के साथ-साथ इंडस्ट्री के सितारों का भी ध्यान खींचा है। ट्रेलर को मिल रही तारीफों की कतार में विशाल भारद्वाज का नाम जुड़ चुका है। विशाल ने ट्रेलर को देखकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बहुत दमदार और प्रभावशाली बताया।

विशाल भारद्वाज ने ट्रेलर को इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर निर्देशक अनुभव सिन्हा और अभिनेत्री तापसी पन्नू को मेंशन करते हुए लिखा, “कितना ड्रामैटिक, दमदार और काम का ट्रेलर है। इसे फिल्म पत्रकारिता कहते हैं, जो समाज को आईना दिखाती है।”

‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी दमदार फिल्मों का निर्माण कर चुके निर्देशक अनुभव सिन्हा अपनी शैली में ‘अस्सी’ के साथ वापसी कर रहे हैं। फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में हैं।

2 मिनट 52 सेकंड का ट्रेलर रोजमर्रा की परेशान और नजरअंदाज करने वाली खबरों और महिलाओं पर होते जुल्म की संवेदनशील कहानी को पेश करता है। ट्रेलर में तापसी एक ऐसी वकील के रूप में नजर आई हैं, जो न्याय की तलाश में कभी हार नहीं मानती। फिल्म समाज की उन अंधेरी सच्चाइयों पर रोशनी डालती है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

फिल्म में तापसी पन्नू और कनी कुसरुति के साथ रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा भी स्पेशल अपीयरेंस में नजर आएंगे।

अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अस्सी’ का निर्माण बनारस मीडिया वर्क्स प्रोडक्शन के साथ मिलकर गुलशन कुमार और टी-सीरीज ने किया है। निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा हैं। फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here