Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: ईशान-पंड्या के तूफानी अर्धशतक, नामीबिया को मिला 210 रन...

टी20 वर्ल्ड कप: ईशान-पंड्या के तूफानी अर्धशतक, नामीबिया को मिला 210 रन का टारगेट

2
0

नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने ईशान किशन और हार्दिक पंड्या के तूफानी अर्धशतकों के दम पर नामीबिया को जीत के लिए 210 रन का विशाल टारगेट दिया है। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी जीत के इरादे से गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में उतरी है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए। संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ 2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की। इसके बाद ईशान ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया।

ईशान ने 24 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 61 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। ईशान के पवेलियन लौटने के बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। कप्तान सूर्यकुमार यादव 13 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक ने 21 गेंदों में 3 चौकों के साथ 25 रन की पारी खेली।

भारतीय टीम 124 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से हार्दिक पंड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ 39 गेंदों में 81 रन जोड़कर भारत को 200 के पार पहुंचाया। टीम इंडिया को 205 के स्कोर पर हार्दिक पंड्या के रूप में पांचवां झटका लगा। पंड्या 28 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

नामीबिया ओर से कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले। बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इस मुकाबले के साथ भारतीय टीम में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जबकि अभिषेक शर्मा और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह के साथ मैदान पर उतरी है।

दूसरी ओर, गेरहार्ड इरास्मस की कप्तानी में नामीबियाई टीम लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मालन क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हींगो के साथ इस मुकाबले को खेल रही है।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here