Home खेल टी20 वर्ल्डकप : केंद्रीय मंत्रियों ने टीम इंडिया को पाकिस्तान पर एकतरफा...

टी20 वर्ल्डकप : केंद्रीय मंत्रियों ने टीम इंडिया को पाकिस्तान पर एकतरफा जीत की दी बधाई

2
0

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। रविवार को इस टूर्नामेंट का हाईवोल्टेज मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से एकतरफा हराया। राजनीतिक जगत से टीम इंडिया को बधाई देने का सिलसिला जारी है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करके टीम इंडिया को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार जीत दर्ज करने के लिए इंडियन मेन्स क्रिकेट टीम को बधाई। मेन इन ब्लू ने टीमवर्क, पक्के इरादे और स्किल का शानदार प्रदर्शन किया। आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं, और उम्मीद है कि टीम इस जीत की लय को आगे भी बनाए रखेगी।”

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, “टीम इंडिया ने सच्चे धुरंधरों की तरह मैदान पर दबदबा बनाया! टीम इंडिया शानदार परफॉर्मेंस, बेहतरीन टीमवर्क और दमदार फिनिश। पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई। हमें अपने चैंपियंस पर गर्व है! वर्ल्ड कप के आने वाले मैचों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए लिखा, “पाकिस्तान हर बार ‘इस बार पक्का’ कहकर आता है…और हर बार ‘अब अगली बार’ बोलकर लौट जाता है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यह महाविजय पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। जय हो टीम इंडिया!”

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने टीम इंडिया को चैंपियन बताते हुए लिखा, “मेन इन ब्लू, हमारे चैंपियंस की एक और शानदार जीत! ईशान किशन ने हाई-प्रेशर वाले मैच में एक बहुत ही खास पारी खेली, और बॉलिंग यूनिट ने भी पूरे कंट्रोल के साथ उसका साथ दिया। खिताब बचाने और एक बार फिर इतिहास रचने के एक कदम और करीब।”

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लिखा, “क्रिकेट टी20 में शानदार और दमदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने पाकिस्तान को पराजित कर पूरे देश का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

बता दें कि कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाई। इस दौरान सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों की मदद से सबसे ज्यादा ताबड़तोड़ 77 रन बनाए। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही है। पूरी टीम 18 ओवर में महज 114 रनों पर ही सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने नाबाद 23 रन की पारी खेली।

–आईएएनएस

एससीएच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here