टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया है. टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की पाकिस्तान पर यह सबसे बड़ी जीत है. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई हो गई है. टीम लगातार 3 जीत के साथ ग्रुप ए की प्वाइंट टेबल में टॉप पर है.
रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई. उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट लिए. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए. ईशान किशन ने 40 गेंद पर 77 रन की पारी खेली. इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. कप्तान सूर्यकुमार ने 32 रन बनाये. सैम अयूब ने 3 विकेट लिए. मैच स्कोरबोर्ड
भारत की जीत के 3 किरदार
पहला: ईशान किशन ने अहम मौके पर अर्धशतक लगाया. पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा (शून्य) को पवेलियन भेज दिया था. जो टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि तब स्कोर एक रन था. ऐसे में इशान किशन ने मोर्चा संभाला और तिलक वर्मा के साथ 46 गेंदों पर 87 रनों की अहम साझेदारी की. इस साझेदारी ने टीम इंडिया को कायम रखा और मजबूत स्कोर की नींव रखी. बाद में सूर्यकुमार यादव (32 रन), शिवम दुबे (27 रन) और रिंकू सिंह (11 रन) ने टीम को 175 रन तक पहुंचाया.
दूसरा: हार्दिक पंड्या, साहिबजादा फरहान को पवेलियन भेजा. 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान (शून्य) का विकेट खो दिया. उन्हें हार्दिक पंड्या ने पवेलियन भेजा. उन्होंने 3 ओवर की गेंदबाजी में 16 रन दिए. पंड्या ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर उस्मान तारिक को बोल्ड कर भारत को जीत दिलाई.
तीसरा: जसप्रीत बुमराह ने पावरप्ले में PAK को बैकफुट पर धकेल दिया. पाकिस्तान के लिए यहां से उबरने के मौके थे, लेकिन दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब (6 रन) और सलमान अली आगा (4 रन) को पवेलियन भेजकर टीम की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
प्वाइंट टेबल की स्थिति
भारत सुपर-8 में पहुंचा, नामीबिया बाहर; भारत ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत हासिल की है. इस जीत के साथ टीम इंडिया सुपर-8 में पहुंच गई है. प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष-2 टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। भारत के 3 मैचों से 6 अंक हैं. दूसरे स्थान पर अमेरिका और तीसरे स्थान पर पाकिस्तान है. दोनों के 4-4 अंक हैं. अमेरिका, पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया अपने आखिरी मैच जीतकर भी भारत से ज्यादा अंक नहीं हासिल कर पाएंगे.
मैच में विवाद
टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया. टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया. पिछले साल एशिया कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में ये फैसला लिया गया.
फिल्म धुरंधर के रैपर हनुमानकाइंड ने प्रस्तुति दी। टॉस से पहले फिल्म धुरंधर के रैपर हनुमानकाइंड ने परफॉर्म किया। ये वही सिंगर हैं जिनके गाने पर पाकिस्तान में विवाद हुआ था. उन्होंने टाइटल ट्रैक सहित कई गाने प्रस्तुत किए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक और अबरार अहमद।
भारत: अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रित बुमरा।








