कोलकाता, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक अनुभव सिन्हा ने एक बार फिर फिल्म ‘अस्सी’ के जरिए महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं को उजागर किया है। हाल ही में फिल्म का प्रीमियर कोलकाता में रखा गया था, जहां पर अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने बताया कि यह फिल्म सामाजिक मुद्दों पर आधारित है, जो महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और समाज की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।
उन्होंने कहा, “फिल्म का नाम ‘अस्सी’ इसलिए रखा गया है क्योंकि कहानी में जिस दिन लड़की के साथ अत्याचार हुआ था, उसी दिन 80 लड़कियों के साथ ऐसा हुआ था। फिल्म में भी सवाल उठाया गया है कि अगर एक दिन में 80 घटनाएं होती हैं, तो पूरे साल कितनी घटनाएं होंगी?”
उन्होंने आगे कहा, “यह फिल्म हमें सोचने पर मजबूर करती है कि हमारा समाज सच में आगे बढ़ रहा है, पीछे जा रहा है, या बीच में ही ठहर गया है। आखिर में हम जा कहां रहे हैं? यह फिल्म बहुत विचारोत्तेजक है। यह हमारे सिस्टम पर सवाल उठाती है कि यह सब कहां से शुरू हुआ, कहां खत्म होगा, और बीच में क्या हो रहा है।”
अभिनेत्री ने ‘एपस्टीन फाइल्स’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “अभी हाल ही में ‘एपस्टीन फाइल्स’ आई, जिसमें उन लोगों के नाम सामने आए, जिनका नाम हम सम्मान और इज्जत के साथ लेते हैं। दुनियाभर में पावरफुल और नामी लोगों के नाम इसमें शामिल हैं। पावर और पैसे के साथ बुराई का गहरा रिश्ता है। यह फिल्म भी उसी तरह सोचने पर मजबूर करती है।”
अभिनेत्री ने कहा, “हमारे यहां डॉक्टर और इंजीनियर लाइन में खड़े हैं। डॉक्टर और शिक्षक भी मजबूरी में हैं। हमारे पास एक महान देश और महान राज्य है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि सोचना पड़ता है कि हम कहां पहुंच गए हैं।”
–आईएएनएस
एनएस//एबीएम





