Home मनोरंजन रितेश देशमुख से शरद केलकर तक, योद्धा बन पर्दे पर छाए सितारे,...

रितेश देशमुख से शरद केलकर तक, योद्धा बन पर्दे पर छाए सितारे, ‘मराठा सम्राट’ का बखूबी निभाया किरदार

2
0

मुंबई, 19 फरवरी (आईएएनएस)। मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की आज जयंती है। वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन भारतीय इतिहास में प्रेरणा का स्रोत रहा है। मुगलों और ब्रिटिशों के खिलाफ उनके निर्भीक संघर्ष ने उन्हें सदियों तक अमर बना दिया। सिनेमा और टेलीविजन ने भी इस महान शासक के जीवन को बार-बार पर्दे पर प्रस्तुत किया है, जहां कई अभिनेताओं ने पर्दे पर उनके किरदार को बखूबी निभाया।

बॉलीवुड और मराठी सिनेमा में शिवाजी महाराज का किरदार निभाने वाले कलाकारों ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। इस लिस्ट में नसीरुद्दीन शाह, शरद केलकर के साथ ही रितेश देशमुख का नाम भी शामिल है। ये एक्टर्स शिवाजी महाराज के साहस, दूरदर्शिता और नेतृत्व गुणों को पर्दे पर जीवंत कर चुके हैं।

साल 2020 में आई फिल्म ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ में शरद केलकर ने शिवाजी महाराज का किरदार निभाया। ओम राउत निर्देशित फिल्म का मुख्य फोकस तान्हाजी मालुसारे पर था, लेकिन शरद केलकर का प्रभावशाली अभिनय दर्शकों को बहुत पसंद आया और उनकी तारीफ हुई। महेश मांजरेकर ने साल 2009 की मराठी फिल्म ‘मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय!’ में शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई। संतोष रामदास मांजरेकर निर्देशित फिल्म में उन्होंने महाराज को एक प्रेरणादायक मार्गदर्शक के रूप में दिखाया, जिसे खूब सराहना मिली।

प्रसाद ओक की साल 2019 में आई मराठी फिल्म ‘हिरकानी’ में उन्होंने खुद शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई। चिन्मय मंडलेकर लिखित इस फिल्म में रायगढ़ किले के आसपास रहने वाली बहादुर महिला ‘हिरकानी’ की कहानी थी और प्रसाद ओक का अभिनय काफी प्रशंसनीय रहा। फिल्म में सोनाली कुलकर्णी भी अहम भूमिका में दिखीं।

रितेश देशमुख निर्देशित अपकमिंग फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में रितेश खुद छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं। संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री जैसे कलाकारों से सजी यह पैन इंडिया फिल्म 1 मई को रिलीज होगी। इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है।

नसीरुद्दीन शाह ने साल 1988 में श्याम बेनेगल की टीवी सीरीज ‘भारत एक खोज’ में शिवाजी महाराज का किरदार निभाया था, जिसकी जमकर तारीफ हुई। अमोल कोल्हे ने मराठी टीवी सीरियल ‘राजा शिवछत्रपति’ में इस भूमिका को इतनी शान से निभाया कि उन्हें खासी लोकप्रियता मिली। इसके अलावा, पारस अरोड़ा जैसे सितारे भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here