Home मनोरंजन मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता, बोलीं- ‘अल्जाइमर से जूझ...

मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता, बोलीं- ‘अल्जाइमर से जूझ रही हैं पर रोज सिखाती हैं जिंदगी जीना’

2
0

मुंबई, 20 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता एक आर्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता विंग कमांडर एलके दत्ता (सेवानिवृत्त) हैं, जो एक पंजाबी हिंदू हैं। वहीं, उनकी माता का नाम जेनिफर मौरीन दत्ता है, जो एक एंग्लो-इंडियन हैं।

अभिनेत्री की मां का शुक्रवार को 80वां जन्मदिन है। इस मौके पर लारा ने मां को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पर मां संग तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें लारा अपनी मां और दोनों बहनों, सबीना दत्ता और चेरिल दत्ता, के साथ नजर आ रही हैं।

लारा ने लिखा, “मेरी प्यारी और सरल (हालांकि जब मैं छोटी थी तब वे इतनी सरल नहीं थीं) मम्मा 80 साल की हो गई हैं। वे कुछ समय से अल्जाइमर और डिमेंशिया से जूझ रही हैं, लेकिन आज भी मैं उनसे हर दिन जिंदगी के नए सबक सीखती हूं।”

अभिनेत्री ने अपनी मां के जीवन दर्शन को फैंस के साथ शेयर करते हुए लिखा, “जिंदगी की शिकायत कभी मत करो। दिन जैसा भी हो वह अच्छा ही होता है। हमेशा विश्वास रखो, जब भी संगीत बजे, अगर हो सके तो नाचो… और नहीं तो कम से कम उसकी ताल जरूर महसूस करो। मुस्कुराओ और हंसकर अपनी परेशानियां दूर कर दो।”

अभिनेत्री का पोस्ट फैंस और उनके दोस्तों को काफी पसंद आ रहा है। कई यूजर्स कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने कमेंट सेक्शन पर लिखा, “हैप्पी बर्थडे आंटी।”

साल 2000 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुकी अभिनेत्री लारा दत्ता अक्सर अपने परिवार के साथ ऐसे प्यार भरे पलों को सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। इस बार भी उन्होंने अपनी मां के बारे में बताया, जो बीमारी के बावजूद उन्हें प्रेरित करती हैं।

अभिनेत्री लारा जल्द ही फिल्म ‘वेलकम’ के तीसरे पार्ट ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगी। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, दिशा पटानी, रवीना टंडन, फरदीन खान समेत अन्य स्टार्स प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here