कोलंबो, 21 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड का पहला मुकाबला शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। फखर जमां को टीम में शामिल किया गया है। फखर को ख्वाजा नफे की जगह पर मौका दिया गया है। वहीं, न्यूजीलैंड ने अपनी अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए हैं। ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी हुई है।
अगर भारत के खिलाफ मैच को छोड़ दें, तो पाकिस्तान का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में शानदार रहा था। टीम में अधिक स्पिन गेंदबाजों को खिलाने का फैसला पाकिस्तान के पक्ष में गया है। बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान ने दमदार प्रदर्शन करके दिखाया है। 4 मैचों में फरहान 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 220 रन बना चुके हैं।
नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में फरहान ने शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में टीम बाकी बल्लेबाजों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। शादाब खान बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का प्रदर्शन भी पहले दौर में शानदार रहा है। टिम सीफर्ट के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं और वह टूर्नामेंट में टीम की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे हैं। सीफर्ट ने 4 मैचों में 173 रन बनाए हैं। कीवी टीम के लिहाज से अच्छी खबर यह है कि ग्लेन फिलिप्स भी फॉर्म में लौट चुके हैं। फिलिप्स ने कनाडा के खिलाफ 36 गेंदों में 76 रन बनाए थे। टीम को फिलिप्स से पाकिस्तान के खिलाफ आज भी धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमां, उस्मान खान, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट , फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमेन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।
–आईएएनएस
शुभम/आरएसजी








