Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: बारिश ने धोया ‘सुपर-8’ का पहला मैच, पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के...

टी20 वर्ल्ड कप: बारिश ने धोया ‘सुपर-8’ का पहला मैच, पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के बीच बंटे 1-1 अंक

2
0

कोलंबो, 21 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सुपर-8 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। शनिवार को इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

इस मुकाबले में सलमान अली आगा की कप्तानी में पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, बाबर आजम, फखर जमां, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा और उस्मान तारिक को मौका दिया गया था। वहीं, मिचेल सेंटनर की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम में टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जिमी नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन को स्थान मिला था।

इस मैच के रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटे गए हैं। अब पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड के खिलाफ 24 फरवरी को मुकाबले में उतरेगी, जिसके बाद पाकिस्तान का सामना 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी, जिसके बाद 27 फरवरी को कीवी टीम का सामना इंग्लैंड से होगा।

ग्रुप-ए में पाकिस्तान की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर रही थी। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया था, जिसके बाद यूएसए के खिलाफ 32 रन से जीत हासिल की। पाकिस्तान को भारत के हाथों हाई-वोल्टेज मैच में 61 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद उसने नामीबिया को 102 रन से रौंदा।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही। इस टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी, जिसके बाद यूएई को 10 विकेट से रौंदा। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने कीवी टीम को 7 विकेट से मात दी। हालांकि, कनाडा को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की।

रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच पल्लेकेले में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। इसके बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबले का आयोजन होगा।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here