Home मनोरंजन जैकी श्रॉफ ने पुण्यतिथि पर नूतन को किया याद, अभिनेत्री के पुराने...

जैकी श्रॉफ ने पुण्यतिथि पर नूतन को किया याद, अभिनेत्री के पुराने गाने के जरिए जाहिर किया अपना सम्मान

2
0

मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा में ‘सीमा’, ‘सुजाता’, ‘बंदिनी’, और ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की’ जैसी महिला-केंद्रित फिल्मों में काम कर दर्शकों के दिलों में अपनी खास पहचान रखने वाली अभिनेत्री नूतन की शनिवार को पुण्यतिथि है। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी।

जैकी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर नूतन का एक पुराना ब्लैक एंड व्हाइट गाना पोस्ट किया। यह गाना ‘वो चांद खिले, वो तारे मुस्कुराए’ है, जिसमें नूतन अपनी खूबसूरती और नूर से स्क्रीन पर छा रही हैं। जैकी ने लिखा, “नूतन जी की डेथ एनीवर्सरी पर हम उन्हें याद करते हैं।”

मुंबई में जन्मीं नूतन का करियर हिंदी सिनेमा में काफी शानदार रहा है, जिसके लिए उन्हें कई सारे अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं। उनकी फिल्में सामाजिक मुद्दों पर आधारित होती थीं, और उन्होंने मजबूत किरदार निभाकर महिलाओं को नई पहचान दी। ‘सुजाता’ में उन्होंने एक अनाथ लड़की का किरदार निभाया था, जो आज भी लोगों को प्रेरित करता है। ‘बंदिनी’ में कैदी की भूमिका ने उन्हें बहुत सराहना दिलाई थी।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। उन्होंने सबसे पहले फिल्म ‘नल दमयंती’ की थी, लेकिन फिल्मों में उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस के तौर पर फिल्म ‘हमारी बिटिया’ की थी। नूतन इतनी शिद्दत से अपने किरदार निभाती थीं कि दर्शक बस उन्हें देखते ही रह जाते थे और उनकी तारीफ करते नहीं थकते थे।

हालांकि, अभिनेत्री के लिए फिल्मों में काम करना आसान नहीं था, क्योंकि उन्हें ऐसा लगता था कि वे खूबसूरत नहीं हैं, जिससे उन्हें कोई फिल्मों में नहीं लेगा और वे कभी हीरोइन नहीं बन पाएंगी। हालांकि, उनकी मां ने उनके इस भ्रम को तोड़ा और उनका मार्गदर्शन किया।

नूतन ने महिला केंद्रित फिल्में कीं और अपने किरदारों में हमेशा कुछ नया करने की कोशिश की। फिल्म ‘दिल्ली का ठग’ में वे स्विमसूट पहने नजर आईं। ये वह दौर था जब एक्ट्रेसेस साड़ी में लिपटी नजर आती थीं, लेकिन एक्ट्रेसेस की इस इमेज को तोड़ने का साहस नूतन ने किया था।

–आईएएनएस

एनएस/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here