Home मनोरंजन गानों से लेकर ड्रेसिंग स्टाइल तक: ‘तनु वेड्स मनु’ की पागलपन और...

गानों से लेकर ड्रेसिंग स्टाइल तक: ‘तनु वेड्स मनु’ की पागलपन और इमोशनल कर देने वाली कहानी ने जीता था फैंस का दिल

2
0

मुंबई, 25 फरवरी (आईएएनएस)। कुछ फिल्में ऐसी होती हैं कि कितनी बार भी देखो, मन ही नहीं भरता। ऐसी ही मजेदार और ब्लॉकबस्टर रही फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’, जिसमें कंगना रनौत के पागलपन और आर माधवन के भोलेपन ने फैंस का दिल जीत लिया था।

आज फिल्म अपने रिलीज के 15 साल पूरे कर चुकी है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्म ने अपने बजट से दोगुनी कमाई की थी और फिल्म के सीक्वल ने तो बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले थे।

25 फरवरी 2011 को कंगना रनौत और आर माधवन की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ रिलीज हुई थी। फिल्म तनु और मनु की कहानी पर बनी थी, जिसमें मनु, जो एक सीधा-साधा लड़का है, शादी के लिए लड़की ढूंढ रहा है, लेकिन उसके पल्ले पड़ती है तनु, जो किसी और से प्यार करती है लेकिन शादी नहीं हो पा रही। फिल्म में कंगना का बेबाकपन और आर माधवन के भोलेपन ने फैंस को सबसे ज्यादा एंटरटेन किया। फिल्म के गाने ‘सड्डी गली’, ‘ए रंगरेज मेरे’ और ‘जुगुनी’ रील से लेकर पार्टी की शान बन गए, खासकर ‘सड्डी गली’ गाना, जिसमें कंगना ने धमाकेदार डांस किया।

फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ढेर सारा प्यार मिला। आनंद एल. राय के निर्देशन में बनी फिल्म का बजट 15-20 करोड़ के बीच था, लेकिन फिल्म ने रिलीज के बाद 50-55 करोड़ के बीच का कारोबार किया। बात सिर्फ कारोबार तक ही सीमित नहीं रही। कंगना के सूट के स्टाइल बाजार में छा गए, चाहे वो ‘सड्डी गली’ वाला लाल बनारसी प्रिंट वाला सूट हो या फिर ‘जुगनी’ गाने में ऑफ-व्हाइट और चौड़े बॉर्डर वाली साड़ी हो… कंगना का स्टाइल हर तरफ छा चुका था।

बहुत कम लोग जानते हैं कि तनु वेड्स मनु फिल्म की पहली पसंद कंगना रनौत नहीं थी। यह फिल्म पहले चित्रागंदा को ऑफर हुई थी। आनंद एल. राय और फिल्म मेकर्स ने दो बार अभिनेत्री से बात की थी, लेकिन दूसरी फिल्मों की वजह से उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया। उन्होंने खुद इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्हें आज भी अफसोस होता है कि तनु वेड्स मनु जैसी फिल्म को कम आंका।

तनु वेड्स मनु की सक्सेस को देखते हुए ही मेकर्स फिल्म का सीक्वल ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न’ लाए और फिल्म ने अपने कलेक्शन से 4 गुना नोट छापे थे। फिल्म का बजट लगभग 40 करोड़ था, और फिल्म ने लगभग 260 करोड़ का कलेक्शन किया था। अब जल्द ही तनु वेड्स मनु-3 भी आने वाली है, जिसका औपचारिक एलान हो चुका है।

–आईएएनएस

पीएस/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here