Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं लेगी भारतीय टीम, 10...

टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं लेगी भारतीय टीम, 10 साल पहले मिला था कभी न भूलने वाला दर्द

2
0

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 का अपना आखिरी मुकाबला कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ 1 मार्च को खेलेगी। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया को इस मैच में जीत दर्ज करना ही होगा। वहीं, वेस्टइंडीज भी इस मैच में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाना चाहेगी।

वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में अजेय रही थी। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जबकि अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हराया था। वहीं, सुपर-8 का अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गंवाने वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने मैच में 72 रन से जीत दर्ज की।

1 मार्च को भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला क्वार्टर फाइनल की तरह है। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी।

भारतीय टीम अपने घर में खेलने के बावजूद वेस्टइंडीज को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेगी। इसकी वजह 2016 का टी20 विश्व कप सेमीफाइनल है जिसमें भारतीय टीम को वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से हराकर खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था।

31 मार्च 2016 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में एमएस धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने विराट कोहली के नाबाद 47 गेंद पर बनाए 89 रन की मदद से 2 विकेट पर 192 रन बनाए थे। स्कोर कम नहीं था, लेकिन वेस्टइंडीज की मजबूत बल्लेबाजी ने इस स्कोर को बौना साबित कर दिया।

लेंडल सिमंस के 51 गेंदों पर 5 छक्कों और 7 चौकों की मदद से खेली गई नाबाद 82 और आंद्रे रसेल के 20 गेंदों पर बनाए विस्फोटक 43 रनों की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 196 रन बनाकर न सिर्फ मैच जीता था बल्कि अपने घर में भारतीय टीम के विश्व कप जीतने का सपना तोड़ा था।

वेस्टइंडीज इंग्लैंड को हराकर चैंपियन बनी थी। उस समय टीम के कप्तान रहे डेरन सैमी मौजूदा समय में टीम के हेड कोच हैं।

1 मार्च को जब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में उतरेगी, तो निश्चित रूप से 10 साल पहले मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी। भारत की 2016 वाली प्लेइंग इलेवन के दो खिलाड़ी, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह, अगले मैच की प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा होंगे। ये दोनों खिलाड़ी वेस्टइंडीज के विश्व कप में चले आ रहे तूफानी और शानदार सफर को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here