Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीसरा सेमीफाइनल खेलेगी

टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीसरा सेमीफाइनल खेलेगी

2
0

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने रविवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

भारतीय टीम छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं यह लगातार तीसरा मौका है जब टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंची है। रोमांचक तथ्य यह है कि पिछली दो बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करने वाली टीम इंडिया का सामना इस बार भी इंग्लैंड से ही है। इस तरह टी20 विश्व कप में लगातार तीसरी बार भारत-इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।

पिछले दो मौकों में एक बार इंग्लैंड और एक बार भारतीय टीम विजेता रही है। पिछले दोनों मौकों पर जिस टीम ने सेमीफाइनल जीता था, आगे चलकर वही टीम चैंपियन बनी थी।

टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड का सामना हुआ था। एडिलेड में हुए इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 168 रन बनाए थे। जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के 170 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीता था। फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।

टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में एक बार फिर रोहित की कप्तानी वाली टीम इंडिया और बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड आमने-सामने थी। जॉर्जटाउन में हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पूरी टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई थी और 68 रन से मैच हार गई। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था।

टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को शाम 7 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। देखना होगा कि इस मैच का विजेता कौन होगा और क्या आगे चलकर वो टीम खिताब जीतेगी?

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here