Home मनोरंजन दमदार आवाज ही नहीं, लेखनी में भी उस्ताद हैं विशाल ददलानी, वीडियो...

दमदार आवाज ही नहीं, लेखनी में भी उस्ताद हैं विशाल ददलानी, वीडियो साझा कर किया साबित

2
0

मुंबई, 2 मार्च (आईएएनएस)। देश के सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय गायकों में से एक विशाल ददलानी के गायन के दीवाने लाखों लोग हैं, लेकिन बहुत कम ही जानते होंगे कि विशाल एक दमदार गायक के साथ-साथ जबरदस्त लेखक भी हैं।

विशाल ने न सिर्फ बॉलीवुड के मशहूर गानों को अपनी आवाज दी है, बल्कि उनमें से कुछ प्रमुख ब्लॉकबस्टर गानों के बोल भी लिखे हैं, जिसे आज भी लोग सुनना और गुनगुनाना काफी पसंद करते हैं। अपनी इसी लेखनी की प्रतिभा को लोगों के सामने रखते हुए सोमवार को विशाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया।

विशाल की ओर से शेयर किए गए वीडियो में बॉलीवुड के उन पॉपुलर गानों के क्लिप शामिल हैं, जिनमें उन्होंने अपनी दमदार आवाज देने के साथ-साथ उनके लाजवाब बोल को भी खुद ही लिखा है।

विशाल ने जिस रील को अपनी आईडी से शेयर किया है, उसके पोस्ट कैप्शन में लिखा, “क्या आप जानते हैं, विशाल ददलानी सिर्फ बॉलीवुड के मशहूर गानों को अपनी आवाज ही नहीं देते हैं, बल्कि उन्होंने उनमें से कुछ गाने लिखे भी हैं।”

कैप्शन में आगे लिखा है, “‘तुझे भुला दिया’, ‘बिन तेरे’, ‘कुछ कम’ जैसे दिल तोड़ने वाले गानों से लेकर ‘अजब सी’, ‘हैरत’ जैसे रोमांटिक गानों और ‘शीला की जवानी’, ‘बैंग बैंग’, ‘आई फील गुड’, ‘तू मेरी’ जैसे जोशीले गानों और ‘अल्लाह के बंदे’ जैसे भावपूर्ण गानों के अविश्वसनीय बोल विशाल ने लिखे हैं।”

विशाल ददलानी देश के एक प्रमुख गायक, संगीतकार, गीतकार और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं, जो बॉलीवुड में विशाल-शेखर जोड़ी और ‘पेंटाग्राम’ रॉक बैंड के फ्रंटमैन के रूप में मशहूर हैं।

विशाल उन कुछ कलाकारों में से एक हैं, जो सिर्फ गीत नहीं बनाते, बल्कि उसे आकार देते हैं।

सिंगर विशाल ददलानी का जन्म 28 जून, 1973 को महाराष्ट्र के मुंबई में हुआ था। उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ मराठी, तमिल और तेलुगु फिल्मों के गानों में भी अपनी आवाज और संगीत का जादू बिखेरा है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here