खूबसूरत, ग्लोइंग स्किन हर किसी की चाहत होती है। कुछ लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स पर पैसे खर्च करते हैं, तो कुछ पार्लर में महंगे ट्रीटमेंट करवाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके किचन में मौजूद कुछ चीज़ें भी आपकी स्किन के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं? पपीते और दही से बना फेस मास्क एक ऐसा ही घरेलू नुस्खा है जो आपकी स्किन को साफ, मुलायम और ग्लोइंग रखने में मदद करता है।
पपीते में पपेन नाम का एक एंजाइम होता है, जो डेड स्किन को हटाने और चेहरे पर ग्लो लाने में मदद करता है। विटामिन C दाग-धब्बों और पिगमेंटेशन को कम करने में मदद करता है। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड चेहरे को धीरे से एक्सफोलिएट करता है, इसे मुलायम बनाता है, जिससे यह स्मूद और फ्रेश रहता है। यह फेस मास्क पोर्स को साफ करने में भी मदद करता है, जिससे पिंपल्स की समस्या कम हो सकती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट चेहरे को समय से पहले बूढ़ा होने से बचाते हैं और नेचुरल ग्लो बनाए रखते हैं।
पपीते और दही का फेस मास्क लगाने के आसान तरीके
1. ग्लोइंग स्किन के लिए फेस मास्क
पके पपीते को अच्छी तरह मैश करके दही में मिलाएं। इस मास्क को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इसे 15-20 मिनट तक लगा रहने दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। यह मास्क स्किन को साफ़ करता है और नैचुरल ग्लो वापस लाने में मदद करता है।
2. मॉइस्चराइजिंग मास्क
मॉइस्चराइजिंग मास्क बनाने के लिए, पपीता, दही और 1 चम्मच शहद को अच्छी तरह मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट तक लगा रहने दें, फिर ठंडे पानी से धो लें। यह मास्क ड्राई स्किन वालों के लिए बहुत फायदेमंद है।
3. ब्राइटनिंग मास्क
पपीते से ब्राइटनिंग मास्क बनाने के लिए, पपीते को दही और एक चुटकी हल्दी के साथ मिलाएं। इस पैक को चेहरे पर 10-15 मिनट तक लगाएं और फिर अच्छी तरह धो लें। यह दाग-धब्बे कम करने और स्किन में ग्लो लाने में मदद करता है।
4. एक्सफ़ोलिएटिंग मास्क
पपीते से एक्सफ़ोलिएटिंग मास्क बनाने के लिए, पपीता, दही और पिसे हुए ओट्स को अच्छी तरह मिलाएं। इस मास्क को अपने चेहरे पर लगाएं और सर्कुलर मोशन में धीरे से मसाज करें। 15 मिनट बाद सादे पानी से धो लें। यह मास्क डेड स्किन हटाने और स्किन को सॉफ्ट बनाने में मदद करता है।
इन बातों का ध्यान रखें:
फेस मास्क लगाने से पहले पैच टेस्ट करें। कटे या जले हुए चेहरे पर मास्क न लगाएं।
इसे 10-20 मिनट से ज़्यादा न लगाएं।
अगर जलन या एलर्जी हो, तो तुरंत इस्तेमाल बंद कर दें।
मास्क बनाने के लिए कच्चे पपीते का इस्तेमाल न करें।








