मुंबई, 3 मार्च (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक और निर्माता करण जौहर ने एक से बढ़कर एक रोमांटिक फिल्में बनाईं, जो दर्शकों के दिल में हमेशा के लिए बस गईं, लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि रोमांटिक मूवी बनाने वाले करण जौहर की कोई लव स्टोरी है ही नहीं। वे आज भी सिंगल हैं और बेहतर पार्टनर की तलाश में हैं। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में सिंगल लाइफ के बारे में खुलकर बात की।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्यार का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन उनके लिए तो सिंगल रहना ही एकमात्र सीजन है। करण ने सोशल मीडिया की रील्स को अपना ‘लवर’ तक बता दिया।
करण ने इंस्टाग्राम पर कई मिरर सेल्फी पोस्ट कीं। इनमें वे स्टाइलिश लुक में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में उन्होंने गोल्ड बटन वाली ग्रे स्ट्रक्चर्ड जैकेट पहनी है, जिसे ब्लैक ट्राउजर और लेदर बैग के साथ जोड़ा गया है। दूसरी तस्वीर में वे फर कोट, टिंटेड चश्मे और हैट के साथ दिखे। एक और क्लिक में पिंक ओवरकोट में लिफ्ट के अंदर क्लासी पोज दिया, जबकि एक में क्रीम कलर का डबल-ब्रेस्टेड कोट और ओवरसाइज्ड सनग्लासेस में स्टाइलिश अंदाज अपनाया।
करण ने अपने दिल के हाल को बयां करते हुए लिखा, “ठंडी हवा है, दिल में हल्की सी गर्मी है, प्यार का मौसम आने की तैयारी है। ऊपर की बात बस यूं ही तुकबंदी है, क्योंकि सिंगल रहना ही मेरी जिंदगी है। मैं पोज देकर खालीपन भरने की कोशिश करता हूं। इंस्टाग्राम ही मेरी उदासी का आईना बनता है। रील्स ही अब मेरे साथी बन गए हैं, जिन्हें मैं दिन-रात बस स्क्रॉल करता रहता हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “कविता भले ही साधारण लगे, पर इसके पीछे एक सच्चाई छिपी है। अब और कुछ नहीं कहूंगा, वरना तुम मुझे पागल कह दोगे।”
इस पोस्ट से साफ झलक रहा है कि करण अपनी सिंगल लाइफ में कभी-कभी अकेलापन महसूस करते हैं, जिसे वे अक्सर हल्के-फुल्के अंदाज में व्यक्त करते रहते हैं।
करण के पोस्ट सभी को पसंद आ रहे हैं। कई यूजर्स और करण के इंडस्ट्री के दोस्तों ने भी कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दी है। शालिनी पासी ने कमेंट सेक्शन पर लिखा, “वाह।”
अभिनेत्री मिनी माथुर ने बड़े ही मजेदार कमेंट किया। उन्होंने लिखा, “प्रिय करण, तुम्हारी सर्दियां भले ठंडी हों, लेकिन तुम्हारी अलमारी तो कमाल की है।
जैकेट, चश्मे और वो बैग जिन्हें तुम अब नहीं पहनते, काश जादू से मेरे पास आ जाएं, ताकि मैं उन्हें पहनूं और शान से दिखाऊं। इतना उदास मत हो, मौसम की ठंड का गम छोड़ दो, तुम्हारी मुस्कान ही पूरे कमरे को रोशन कर सकती है।”
वहीं, फराह खान ने कमेंट करते हुए लिखा, “क्या तुम बस अपनी बिल्डिंग की लिफ्ट में जाकर ये फोटो खींच रहे हो?”
–आईएएनएस
एनएस/वीसी








