नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और क्रिकेट जगत के कई मौजूदा और पूर्व सदस्यों ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर फैंस को होली की बधाई दी है।
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “होली की शुभकामनाएं। उम्मीद है यह दिन आपके लिए सकारात्मकता, अच्छी सेहत और ढेर सारे खुशी के पल लेकर आए। अगर आप पूरी तरह भीग भी जाते हैं, तो इसे एक विनिंग परफॉर्मेंस समझें।”
विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की जिसमें लिखा था, “होली की शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार आपकी जिंदगी में सफलता, खुशी और सकारात्मकता लाए।”
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लिखा, “सभी को होली की शुभकामनाएं। सुरक्षित खेलें, रंगों का आनंद लें और केवल अच्छी वाइब्स फैलाएं।”
वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, “सभी को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। रंगों का यह खूबसूरत त्योहार आपकी जिंदगी को खुशियों, अच्छी सेहत और नई शुरुआत से भर दे। यह खुशी के रंग, हंसी के पल और ऐसे रिश्ते लाए जो और भी मजबूत हों।”
युजवेंद्र चहल ने अपनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम पंजाब किंग्स का एक पोस्ट री-शेयर करते हुए लिखा, “सभी को होली की शुभकामनाएं।”
अनिल कुंबले ने पोस्ट किया, “होली रंग, खुशी और साथ का जश्न है। यह हमारे जीवन में सकारात्मकता, धैर्य और संतुलन लाने की याद भी दिलाए। सभी को बहुत-बहुत खुशहाल और सुरक्षित होली की शुभकामनाएं।”
भारत की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने लिखा, “होली इन रंगों और अपने लोगों के साथ मस्ती करने के बारे में है। उम्मीद है आपका दिन भी इन रंगों की तरह उज्ज्वल हो और आप सभी परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिता रहे हों। होली की शुभकामनाएं।”
इस समय भारतीय पुरुष टीम टी20 वर्ल्ड कप में व्यस्त है, जहां 5 मार्च को सेमीफाइनल-2 में उसका सामना इंग्लैंड से होगा। ‘मेन इन ब्लू’ इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन है और लगातार दो बार कप उठाने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रचना चाहती है।
दूसरी ओर, भारतीय महिला मल्टी-फॉर्मेट के दौरे पर ऑस्ट्रेलिया में है। ‘विमेन इन ब्लू’ ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की, लेकिन इसके बाद वनडे सीरीज 3-0 से गंवा दी। दोनों टीमों के बीच 6 मार्च से पर्थ में एकमात्र पिंक-बॉल टेस्ट मैच होगा।
–आईएएनएस
आरएसजी







