Home खेल 500 अंतरराष्ट्रीय विकेट से सिर्फ 1 कदम दूर बुमराह, सिर्फ 7 भारतीय...

500 अंतरराष्ट्रीय विकेट से सिर्फ 1 कदम दूर बुमराह, सिर्फ 7 भारतीय कर सके ये कारनामा

2
0

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-2 खेला जाना है। इस मुकाबले में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘500’ विकेट के आंकड़े को छूने का गोल्डन चांस होगा।

बुमराह ने साल 2016 से अब तक 234 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 20.6 की औसत के साथ 499 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने जुलाई 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 19 रन देकर 6 विकेट निकाले थे।

जसप्रीत बुमराह ने अपने टेस्ट करियर में 52 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 99 पारियों में 234 विकेट हासिल किए। वहीं, 89 वनडे मुकाबलों में इस दाएं हाथ के गेंदबाज ने 149 विकेट निकाले हैं। 93 टी20 मुकाबलों में बुमराह 116 विकेट प्राप्त कर चुके हैं। अब तक 7 भारतीय गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (वनडे, टी20 और टेस्ट) में 500 विकेट के आंकड़े को छू चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में अनिल कुंबले शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 1990 से 2008 के बीच 403 मैच में 30.09 की औसत के साथ 956 विकेट हासिल किए। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने साल 2010 से 2024 के बीच 287 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 25.8 की औसत के साथ 765 विकेट निकाले।

हरभजन सिंह ने साल 1998 से 2016 के बीच कुल 367 मैच खेले, जिसमें 711 विकेट हासिल किए, जबकि कपिल देव ने साल 1978 से 1994 के बीच 356 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 687 विकेट निकाले। कपिल देव की कप्तानी में भारत ने वनडे विश्व कप 1983 का खिताब भी अपने नाम किया है।

रवींद्र जडेजा ने साल 2009 से अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 373 मुकाबलों में 634 विकेट हासिल किए, जबकि जहीर खान ने साल 2000 से 2014 के बीच 309 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 610 विकेट निकाले। जवागल श्रीनाथ ने साल 1991 से 2003 के बीच 296 मुकाबलों में 551 विकेट अपने नाम किए थे।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here