Home मनोरंजन ‘मामला लीगल है’ का कोर्टरूम थोड़ा पागलपन भरा, लेकिन उतना ही प्यारा...

‘मामला लीगल है’ का कोर्टरूम थोड़ा पागलपन भरा, लेकिन उतना ही प्यारा भी: रवि किशन

3
0

मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इन दिनों कोर्ट रूम ड्रामा और कॉमेडी से जुड़े शोज को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। ऐसे ही एक शो ‘मामला लीगल है’ ने अपने पहले सीजन से ही लोगों के बीच खास जगह बना ली थी। अब इसी शो का दूसरा सीजन दर्शकों के सामने आने वाला है, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस बीच नए सीजन का ट्रेलर जारी किया गया। अपने किरदार को लेकर अभिनेता रवि किशन ने खुशी जाहिर की है।

ट्रेलर में रवि किशन का किरदार वी.डी. त्यागी पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ नजर आया। वह अब जज की कुर्सी तक पहुंचने के बेहद करीब दिखाई दिए। इस झलक ने दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है कि आगे कहानी किस मोड़ पर जाएगी।

रवि किशन ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ”इस किरदार में दोबारा लौटना मेरे लिए घर लौटने जैसा अनुभव है। यह कोर्ट रूम थोड़ा पागलपन भरा जरूर है, लेकिन उतना ही प्यारा भी है। पहले सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और किसी भी कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं होती कि उसका निभाया हुआ किरदार लोगों के दिलों में बस जाए। वी.डी. त्यागी का किरदार मेरे लिए ऐसा ही बन चुका है, जिसे लोग याद रखते हैं और पसंद करते हैं।”

उन्होंने कहा, ”दूसरे सीजन में दर्शकों को पहले से ज्यादा मजेदार और गहरी कहानी देखने को मिलेगी। शो में हास्य पहले से ज्यादा होगा और किरदारों के बीच रिश्ते भी ज्यादा मजबूत और दिलचस्प दिखाई देंगे। कहानी में भावनाएं, ईमानदारी और अपनापन भी ज्यादा नजर आएगा। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को इस नए सीजन में अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी लड़ाइयां और जीत भी दिखाई देंगी, जिससे वे खुद को कहानी से जुड़ा हुआ महसूस करेंगे।”

इस शो के शो-रनर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर समीर सक्सेना ने भी दूसरे सीज़न को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा, ”यह शो इस बात को साबित करता है कि कोर्टरूम के अंदर होने वाली कार्यवाही ही नहीं, बल्कि उसके आसपास होने वाली हलचल भी उतनी ही मनोरंजक हो सकती है। इस सीरीज़ ने मुझे सिखाया है कि ज़िंदगी की रोज़मर्रा की अजीब परिस्थितियों पर भी हंसना चाहिए, क्योंकि वही चीज़ें हमें ज़िंदगी से जोड़े रखती हैं।”

–आईएएनएस

पीके/डीएससी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here