Home मनोरंजन रैंचो से मंगल पांडे तक : आमिर खान के 10 किरदार, जिन्होंने...

रैंचो से मंगल पांडे तक : आमिर खान के 10 किरदार, जिन्होंने बनाई ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ की पहचान

5
0

मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड में आमिर खान को ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ कहा जाता है, क्योंकि वे हर किरदार के लिए बेहद गहराई से तैयारी करते हैं। यही वजह है कि पिछले तीन दशकों में उन्होंने ऐसे कई किरदार निभाए हैं, जो एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। कभी वे छात्र बनते हैं, कभी देशभक्त क्रांतिकारी, तो कभी एलियन। यही नहीं, वे सख्त पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में भी नजर आए हैं।

लगान – आमिर खान के करियर की सबसे यादगार भूमिकाओं में से एक फिल्म ‘लगान’ में देखने को मिली। इस फिल्म में उन्होंने भुवन नाम के एक साधारण किसान का किरदार निभाया। कहानी ब्रिटिश शासन के दौर की है, जब गांव के लोगों पर भारी लगान लगाया जाता है। भुवन अंग्रेज अधिकारियों को क्रिकेट मैच की चुनौती देता है और कहता है कि अगर गांव वाले जीत गए तो लगान माफ होगा। पूरी फिल्म गांव वालों के संघर्ष और आत्मविश्वास की कहानी दिखाती है। इस किरदार में आमिर ने एक साहसी और प्रेरणादायक लीडर की भूमिका निभाई।

3 इडियट्स – कॉमेडी और दोस्ती की दुनिया में उनका सबसे लोकप्रिय किरदार फिल्म ‘3 इडियट्स’ में दिखा। इसमें उन्होंने रणछोड़दास श्यामलदास चांचड़ उर्फ रैंचो का किरदार निभाया। कहानी तीन इंजीनियरिंग छात्रों की दोस्ती पर आधारित है, जो पढ़ाई के दबाव और समाज की उम्मीदों के बीच अपनी राह खोजने की कोशिश करते हैं। रैंचो का किरदार पढ़ाई को समझने और जिंदगी को खुलकर जीने का मैसेज देता है।

रंग दे बसंती – देशभक्ति से जुड़ा उनका मजबूत किरदार फिल्म ‘रंग दे बसंती’ में सामने आया। इस फिल्म में उन्होंने दलजीत सिंह यानी डीजे की भूमिका निभाई। कहानी कुछ युवाओं की है, जो शुरुआत में जिंदगी को मस्ती में बिताते हैं, लेकिन एक दोस्त की मौत के बाद व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने लगते हैं। फिल्म में आमिर का किरदार दिखाता है कि कैसे एक आम युवक हालात बदलने के लिए ‘क्रांतिकारी’ बन जाता है।

मंगल पांडे – पीरियड ड्रामा ‘मंगल पांडे: द राइजिंग’ में आमिर खान ने 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी मंगल पांडे का किरदार निभाया। यह कहानी उस सैनिक की है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की चिंगारी भड़काई थी। आमिर ने इस किरदार के लिए लंबी मूंछें और अलग लुक अपनाया और अपने अभिनय से उस दौर की भावना को जीवंत कर दिया।

अंदाज अपना अपना – कॉमेडी के क्षेत्र में भी आमिर ने अलग पहचान बनाई। फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में उन्होंने अमर नाम के युवक की भूमिका निभाई। कहानी दो बेरोजगार युवकों की है, जो अमीर लड़की से शादी करने के सपने देखते हैं। फिल्म में हास्य, गलतफहमियों और मजेदार घटनाओं की भरमार है। फिल्म में आमिर का किरदार दर्शकों को खूब हंसाता है।

गजनी – एक्शन से भरपूर फिल्म ‘गजनी’ में आमिर खान ने संजय सिंघानिया का किरदार निभाया। इस फिल्म में वे एक ऐसे व्यक्ति के रोल में हैं, जिसे याददाश्त की गंभीर समस्या है। कहानी में वह अपनी प्रेमिका के हत्यारों से बदला लेता है। फिल्म में आमिर एक्शन और भावनाओं को शानदार तरीके से पेश करते हैं।

पीके – कल्पना की दुनिया में आमिर का सबसे अलग किरदार फिल्म ‘पीके’ में नजर आया। इसमें उन्होंने एक एलियन का रोल निभाया, जो धरती पर आकर इंसानों की दुनिया को समझने की कोशिश करता है। कहानी धर्म और आस्था से जुड़े कई सवाल उठाती है। इसमें आमिर खान का किरदार समाज की कई कुरीतियों पर व्यंग्य करता है।

तारे जमी पर – इस फिल्म में आमिर ने राम शंकर निकुंभ नाम के शिक्षक का किरदार निभाया। फिल्म एक ऐसे बच्चे की कहानी है जिसे पढ़ाई में कठिनाई होती है और लोग उसे कमजोर समझते हैं। शिक्षक के किरदार में आमिर बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।

दंगल – खेल पर आधारित फिल्म ‘दंगल’ में आमिर ने पहलवान महावीर सिंह फोगाट का किरदार निभाया। कहानी एक ऐसे पिता की है, जो अपनी बेटियों को कुश्ती में विश्व स्तर का खिलाड़ी बनाना चाहता है। आमिर ने इस किरदार के लिए अपने शरीर में बड़ा बदलाव किया और पिता की सख्ती और प्यार दोनों को प्रभावशाली तरीके से दिखाया।

सरफरोश – सस्पेंस से भरी फिल्म ‘सरफरोश’ में आमिर खान ने एसीपी अजय सिंह राठौड़ की भूमिका निभाई। कहानी एक ईमानदार पुलिस अधिकारी की है, जो देश में फैल रहे आतंकवाद और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है। इस फिल्म में आमिर का किरदार मजबूत, साहसी और देश के प्रति समर्पित दिखता है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here