Home खेल महिला वनडे: कप्तान अटापट्टू के बाद हर्षिता-हंसिमा की शानदार बल्लेबाजी, बांग्लादेश के...

महिला वनडे: कप्तान अटापट्टू के बाद हर्षिता-हंसिमा की शानदार बल्लेबाजी, बांग्लादेश के खिलाफ 1-1 से बराबरी पर श्रीलंका

2
0

राजशाही, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका ने मेजबान बांग्लादेश के खिलाफ बुधावर को शहीद कमरुज्जमां स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच को 4 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच 25 अप्रैल को इसी मैदान पर खेला जाना है।

बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन टीम 45.5 ओवरों में महज 165 रन पर सिमट गई। टीम ने 4 के स्कोर पर जुऐरिया फिरदौस (2) और शर्मिन अख्तर (0) के विकेट खो दिए थे।

यहां से कप्तान निगार सुल्तान ने सरमिन सुल्ताना के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 45 रन की साझेदारी करते हुए टीम को परेशानी से निकालने की कोशिश की। सरमिन सुल्ताना 39 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

यहां से कप्तान निगार ने मोर्चा संभाला, उन्होंने कुछ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 144 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान सुल्ताना 101 गेंदों में 4 चौकों के साथ 58 रन बनाकर आउट हुईं। उनके अलावा, नाहिदा अख्तर ने 20 रन और रितु मोनी ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

मेहमान टीम की तरफ से कप्तान चामरी अटापट्टू ने 36 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मालकी मदारा, निमाशा मीपेज और इनोका रणवीरा ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 38.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने 19 के स्कोर पर हसिनी परेरा (5) का विकेट गंवा दिया था। यहां से कप्तान चामरी ने इमेशा दुलानी के साथ 27 रन, जबकि हर्षिता समरविक्रमा के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 79 के स्कोर तक पहुंचाया। चामरी 39 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल रहे।

यहां से हर्षिता ने हंसिमा करुणरत्ने के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने चौथे विकेट के लिए 110 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की। हर्षिता 76 गेंदों में 7 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हंसिमा ने 40 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। बांग्लादेश की तरफ से नाहिदा अख्तर ने 21 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि सुल्ताना खातून और रितु मोनी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here