Home खेल टी20 सीरीज: लौरा वोल्वार्ड्ट का शतक, दक्षिण अफ्रीका से लगातार तीसरा मैच...

टी20 सीरीज: लौरा वोल्वार्ड्ट का शतक, दक्षिण अफ्रीका से लगातार तीसरा मैच हारी भारतीय टीम

2
0

जोहानसबर्ग, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही 5 टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के शतक की बदौलत मैच 9 विकेट से जीता। भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी हार थी। दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 192 रन बनाए थे। टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने आईं शफाली वर्मा ने 64 रनों की पारी खेली। 46 गेंदों पर खेली गई पारी में वर्मा ने 2 छ्क्के और 8 चौके लगाए थे। इसके अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 38 गेंदों पर 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 66 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर 37 और ऋचा घोष ने 10 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाए।

193 का लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन बेहतरीन फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने अपने तीसरे टी20 शतक की बदौलत लक्ष्य को न सिर्फ आसान, बल्कि छोटा साबित कर दिया।

पारी की शुरुआत करने आईं लौरा वोल्वार्ड्ट 53 गेंदों पर 5 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 115 रन बनाकर आउट हुईं। उनका विकेट 183 के स्कोर पर गिरा, तब तक वह टीम के लिए जीत की कहानी लिख चुकी थीं। वोल्वार्ड्ट का टी20 का यह सबसे बड़ा स्कोर है।

उनके साथ पारी की शुरुआत करने आईं सुने लुस 42 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहीं। तंजिम ब्रिट्स 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर नाबाद रहीं। दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में 1 विकेट पर 193 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया।

वोल्वार्ड्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दक्षिण अफ्रीका ने पहला टी20 मुकाबला 6 विकेट से और दूसरा 8 विकेट से जीता था। वोल्वार्ड्ट ने पहले मैच में 51 और दूसरे मैच में 54 रन की पारी खेली थी।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here