Home मनोरंजन समीरा रेड्डी ने बताया जंगली आम का अनोखा इस्तेमाल, मिनटों में तैयार...

समीरा रेड्डी ने बताया जंगली आम का अनोखा इस्तेमाल, मिनटों में तैयार करें खास डिश

3
0

मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मियों का आगाज होते ही बाजारों में आम की खूशबू महकने लगती है। आम का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि, कम लोग ‘जंगली आम’ के बारे में जानते होंगे। आम की यह किस्म अपनी खास मिठास और खुशबू के लिए जानी जाती है।

जंगली आम को प्रांतों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। गोवा में इसे स्थानीय भाषा में ‘गोटाचे सासवे’ कहा जाता है। गुरुवार को अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने इंस्टाग्राम के जरिए जंगली आम की पारंपरिक और मजेदार डिश की रेसिपी बताई।

समीरा रेड्डी ने इस डिश को ‘जंगली आम नारियल करी’ का नाम दिया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि यह गोवा की एक पारंपरिक डिश है, जो मीठे, खट्टे और तीखे स्वादों का एक बेहतरीन मिश्रण है।

वीडियो में समीरा कहती हैं, “सबसे पहले जंगली आम को अच्छे से धोकर छील लें। अब कद्दूकस किए हुए ताजे नारियल में धनिया के बीज, हल्दी पाउडर, सूखी लाल मिर्च (कश्मीरी और तीखी) को थोड़े पानी के साथ मिलाकर एक महीन पेस्ट बना लें। अब एक पैन में तेल (नारियल तेल सबसे अच्छा है) गर्म करें। इसमें राई और कढ़ी पत्ता डालें। उसके बाद, छीले हुए आम डालें और एक मिनट के लिए भूनें। हल्दी, मिर्च पाउडर, नमक और थोड़ा पानी डालें और ढककर आम के नरम होने तक पकाएं। अब पीसा हुआ नारियल का मसाला डालें। आवश्यकतानुसार पानी डालकर करी को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं। करी को चखें और खटास को संतुलित करने के लिए थोड़ा गुड़ डालें।”

‘जंगली आम’ मुख्य रूप से भारत के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों के जंगलों में पाया जाता है। सामान्य आम की तुलना में यह बहुत रसीला, छोटा और रेशेदार होता है। पोषक तत्वों (विटामिन सी, खनिजों) से भरपूर, जंगली आम का उपयोग अचार, चटनी और औषधीय रूप से भी किया जाता है। यह रेसिपी उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जो इस गर्मी कुछ नया और पारंपरिक आजमाना चाहते हैं। जंगली आम की यह कडिश न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गुणकारी मानी जाती है।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here