Home खेल फुटबॉल: चेल्सी ने जाबी अलोंसो को नया मैनेजर नियुक्त किया, चार साल...

फुटबॉल: चेल्सी ने जाबी अलोंसो को नया मैनेजर नियुक्त किया, चार साल का होगा कार्यकाल

2
0

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। चेल्सी एफसी ने नए हेड कोच के तौर पर जाबी अलोंसो की नियुक्ति की है। जाबी अलोंसो का कार्यकाल 4 साल का होगा, जो 1 जुलाई, 2026 से शुरू होगा। चेल्सी ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान के जरिए इस नियुक्ति की घोषणा की।

क्लब ने लिखा, “चेल्सी फुटबॉल क्लब को पुरुषों की टीम के मैनेजर के तौर पर जाबी अलोंसो की नियुक्ति की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। पूर्व स्पेनिश खिलाड़ी 1 जुलाई, 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगे। उनका कॉन्ट्रैक्ट चार साल का है। चेल्सी में आपका स्वागत है, जाबी।”

चेल्सी के मैनेजर के तौर पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में अलोंसो ने कहा, “चेल्सी दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों में से एक है। इस महान क्लब का मैनेजर बनना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। क्लब के मालिकों और स्पोर्टिंग नेतृत्व के साथ मेरी बातचीत से यह साफ है कि हम दोनों की सोच और लक्ष्य एक जैसे हैं। हम एक ऐसी टीम बनाना चाहते हैं जो लगातार सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला कर सके और ट्रॉफियों के लिए लड़ सके। टीम में जबरदस्त प्रतिभा है और इस फुटबॉल क्लब में आगे बढ़ने की बहुत गुंजाइश है। इसका नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात होगी। अब हमारा पूरा ध्यान कड़ी मेहनत करने, सही माहौल बनाने और ट्रॉफियां जीतने पर है।”

यह कदम चेल्सी की उस उथल-पुथल भरे मैनेजमेंट दौर में स्थिरता लाने की ताजा कोशिश का संकेत है, जिसमें मौजूदा सीजन के दौरान डगआउट में कई बदलाव देखने को मिले हैं। अलोंसो इस साल की शुरुआत में आपसी सहमति से रियल मैड्रिड छोड़ने के बाद चेल्सी आए हैं। रियल मैड्रिड के साथ उनका कार्यकाल छोटा लेकिन चुनौतीपूर्ण रहा।

अलोंसो की नियुक्ति एफए कप फाइनल में मैनचेस्टर सिटी एफसी के हाथों चेल्सी की हार के 24 घंटे से भी कम समय के भीतर हुई है। 2024 में बायर 04 लेवरकुसेन को बुंडेसलीगा का खिताब जिताने के बाद, अलोंसो यूरोप के सबसे होनहार युवा मैनेजरों में से एक के तौर पर अपनी बढ़ती साख के साथ चेल्सी आए हैं। जर्मनी में अपने तीन साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने क्लब को उसका पहला लीग खिताब और जर्मन कप भी जिताया था।

जाबी अलोंसो का एक खिलाड़ी के तौर पर भी शानदार करियर रहा है। स्पेन के लिए वह 114 मैच खेल चुके हैं। वह 2010 में फीफा विश्व कप और 2008 और 2012 में यूरोपीय चैंपियनशिप जीतने वाली स्पेनिश का टीम का हिस्सा रहे थे। क्लब फुटबॉल में वह लिवरपूल एफसी, रियल सोसिदाद, रियल मैड्रिड, एफसी बायर्न म्यूनिख के लिए खेल चुके हैं।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here