Home मनोरंजन शिवालिका ओबेरॉय-अभिषेक पाठक ने रिवील किया बेटी का नाम, बताया ‘आरिका’ के...

शिवालिका ओबेरॉय-अभिषेक पाठक ने रिवील किया बेटी का नाम, बताया ‘आरिका’ के रूप में घर आई लक्ष्मी

2
0

मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय और उनके पति फिल्म निर्माता अभिषेक पाठक इन दिनों बेटी के घर आगमन की खुशियां मना रहे हैं।

मंगलवार को कपल ने सोशल मीडिया के जरिए बेटी के नाम की जानकारी दी। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें शिवालिका और उनके पति अभिषेक पाठक बेटी को गोद में थामे नजर आ रहे हैं। माता-पिता बनने की खुशी दोनों के चेहरे पर साफ देखी जा सकती है।

शिवालिका ने तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “हमारी जिंदगी की सबसे प्यारी खुशी से मिलिए, जिसका नाम है ‘आरिका पाठक’। आरिका नाम का मतलब बेहद खास है। इस नाम में साक्षात माता लक्ष्मी का आशीर्वाद छिपा हुआ है, जो दुनिया में प्यार, खुशहाली, समृद्धि और सुंदरता की प्रतीक मानी जाती हैं।”

अभिनेत्री ने बताया कि उनकी बेटी का जन्म इसी साल 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन दिन पर हुआ था। अभिनेत्री ने बेटी को ईश्वर का आशीर्वाद बताते हुए लिखा, “अक्षय तृतीया के पवित्र दिन आरिका हमारी जिंदगी में आई। यह सब कुछ भगवान की एक बेहद खूबसूरत योजना की तरह लगता है। वह हमारी हर दुआ और हमारे हर सपने से भी बढ़कर है। हम दिल से ईश्वर के शुक्रगुजार हैं, बहुत खुश हैं और एक बार फिर पूरी तरह से प्यार में डूबे हुए हैं।”

बता दें कि कपल ने दिसंबर 2025 में प्रेगनेंसी की जानकारी दी थी। अभिषेक और शिवालिका की लव स्टोरी की बात करें तो, दोनों की मुलाकात फिल्म ‘खुदा हाफिज’ के सेट पर हुई थी, जिसमें विद्युत जामवाल मुख्य भूमिका में थे। काम के दौरान दोनों करीब आए और धीरे-धीरे उनका रिश्ता प्यार में बदल गया।

इसके बाद दोनों ने जुलाई 2022 में सगाई की और फरवरी 2023 में शादी के बंधन में बंध गए। उनकी शादी गोवा में हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इस खास मौके पर बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता अजय देवगन भी मौजूद थे।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here