Home मनोरंजन रोनित रॉय संग साइबर क्राइम, अभिनेता ने लोगों से की सावधानी बरतने...

रोनित रॉय संग साइबर क्राइम, अभिनेता ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

2
0

मुंबई, 21 मई (आईएएनएस)। साइबर क्राइम का दायरा बढ़ता जा रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसकी जद में आ रहे हैं। अभिनेता रोनित बोस रॉय भी साइबर ठगों के शिकार बन गए हैं। ‘उड़ान’ और ‘2 स्टेट्स’ फेम अभिनेता ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रशंसकों को इसकी जानकारी देते हुए लोगों से सावधानी बरतने की भी अपील की।

रोनित ने बताया कि कोई व्यक्ति उनके नाम का इस्तेमाल करके लोगों खासकर लड़कियों से संपर्क कर रहा है और उनसे पैसे मांग रहा है। रोनित बोस रॉय ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए फर्जी व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे नंबर और ईमेल आईडी भी सार्वजनिक की।

इसके साथ ही उन्होंने अपराधी को सीधे चेतावनी देते हुए लिखा, “पुलिस तुम्हारे पीछे आ रही है।” अभिनेता ने बताया कि धोखेबाज उनके नाम पर बुकिंग लेने की भी कोशिश कर रहा है। उन्होंने जो नंबर शेयर किया है वह जंगी नंबर 3318085685 है और ईमेल आईडी रोनित रॉय बुकिंग्स हॉटमेल डॉट कॉम है। रोनित ने लिखा, “मेरे संज्ञान में आया है कि कोई व्यक्ति मेरे नाम का इस्तेमाल करके लोगों खासकर लड़कियों से संपर्क कर रहा है और उनसे पैसे मांग रहा है। सभी लोग सावधान रहें।”

उन्होंने साफ किया कि वह कभी भी सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से महिलाओं से संपर्क नहीं करते हैं और न ही कभी किसी से पैसे मांगते हैं या मांगेंगे। रोनित ने अपने फैंस और आम लोगों से अपील की कि अगर कोई उनके नाम पर उनसे संपर्क करे तो तुरंत उन्हें सूचित करें। अभिनेता ने बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए, जिनमें फर्जी व्यक्ति उनके नाम का इस्तेमाल करके पैसे मांग रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों को आगाह किया कि सेलिब्रिटी के नाम का दुरुपयोग करके पैसे ठगने वाले ऐसे धोखेबाज बढ़ते जा रहे हैं।

रोनित बोस रॉय ने कहा, “ऐसे लोगों से बहुत सावधान रहें जो सेलिब्रिटी की पहचान का फायदा उठाकर लोगों को बेवकूफ बनाते हैं। न मैं और न ही मेरे प्रतिनिधि कभी भी पैसे या किसी तरह की मदद मांगने के लिए संपर्क करेंगे।”

–आईएएनएस

एमटी/पीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here