Home खेल दूसरा टी20: सोफी-ग्रीन के बीच 158 रन की साझेदारी, इंग्लैंड के खिलाफ...

दूसरा टी20: सोफी-ग्रीन के बीच 158 रन की साझेदारी, इंग्लैंड के खिलाफ जीत के साथ बराबरी पर न्यूजीलैंड

2
0

कैंटरबरी, 23 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की महिला टीम ने शनिवार को सेंट लॉरेंस ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 14 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का अंतिम और निर्णायक मैच 25 मई को होव के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 5 विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। न्यूजीलैंड ने 3.4 ओवरों में महज 11 के स्कोर पर 4 विकेट खो दिए थे। यहां से सोफी डिवाइन ने मैडी ग्रीन के साथ पांचवें विकेट के लिए 98 गेंदों में 158 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

सोफी डिवाइन 57 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि मैडी ग्रीन ने 48 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 56 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से लिंसी स्मिथ ने 25 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि लॉरेन बेल ने 1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 156 रन ही बना सकी। सोफिया डंकले ने एलिस कैप्सी के साथ पहले विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। सोफिया 18 गेंदो में 5 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद मैया बाउचियर ने कैप्सी के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 45 रन जुटाते हुए टीम को 76 के स्कोर तक पहुंचाया।

कैप्सी 19 गेंदों में 2 चौकों के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। यहां से बाउचियर ने हीथर नाइट के साथ 33 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैंड को शतक के पार पहुंचाया। बाउचियर 33 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि नाइट ने 23 गेंदों में 25 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। न्यूजीलैंड की तरफ से नैंसी पटेल ने 25 रन देकर 2 विकेट निकाले। ब्री इलिंग, ली तहुहु और अमेलिया केर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here