पर्थ, 26 मई (आईएएनएस)। भारत और ऑस्ट्रेलियाई महिला हॉकी टीमों के बीच चार मैचों की मैत्री सीरीज मंगलवार को शुरू हुई। पर्थ के पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने पहले क्वार्टर में पहला गोल किया। भारतीय टीम के लिए नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। भारतीय डिफेंस पहले हाफ के समय मजबूत रहा। भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर तक अपनी बढ़त बनाए रखी।
दूसरे हाफ में मोमेंटम बदल गया जब ऑस्ट्रेलिया की एबी विल्सन ने दो पेनल्टी-कॉर्नर मौकों का फायदा उठाया और तीसरे और चौथे दोनों क्वार्टर में गोल करके मेजबान टीम को जीत दिलायी।
सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा।
चार मैचों की मैत्री सीरीज भारतीय महिला हॉकी टीम की आने वाले एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 की तैयारियों में एक अहम मोड़ है। अपने तैयारी दौरे के चार मैचों में, सलीमा टेटे की कप्तानी वाली टीम का मकसद इस अहम विमेंस नेशंस कप इवेंट से पहले जरूरी मोमेंटम बनाना है।
इस साल की शुरुआत में अर्जेंटीना में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारत ने दो मैच हारने के बाद जोरदार वापसी की थी और दुनिया की नंबर 2 टीम के खिलाफ सीरीज 2-2 से बराबर की थी। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ उतरी है। टीम ने पिछले कुछ सप्ताह साई बेंगलुरु में नेशनल ट्रेनिंग कैंप में हाई-इंटेंसिटी तकनीकी ड्रिल्स में बिताए। खिलाड़ियों को मुख्य कोच शोर्ड मारिन की देखरेख में अपनी स्किल्स, खेल, पेनल्टी कॉर्नर विविधता और ओवरऑल मैच फिटनेस को बेहतर बनाने में मदद मिली।
22 सदस्यों वाली भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का एक मिश्रण है। एफआईएच विश्व रैंकिंग में 9वें नंबर पर मौजूद भारतीय टीम अपने 8वें नंबर के विरोधियों को चुनौती देने के लिए पूरी ताकत लगाने को तैयार है।
–आईएएनएस
पीएके








