मनोरंजन न्यूज़ डेस्क – थिएटर में अपनी पसंदीदा फिल्म देखते समय पॉपकॉर्न का लुत्फ उठाना किसे पसंद नहीं होता, लेकिन अगर आप फिल्म देखने जाएं और फिल्म देखने के साथ-साथ आपको मुफ्त में पॉपकॉर्न का लुत्फ उठाने का मौका मिले, तो एक दर्शक के लिए इससे बेहतर और क्या हो सकता है? शायद आपको यकीन न हो, लेकिन यह अनूठी पहल बिहार के पूर्णिया जिले में स्थित रूपबानी सिनेमा ने की है। जो एक मशहूर सिंगल स्क्रीन है।
मुफ्त में मिलता है पॉपकॉर्न
लेकिन यह पॉपकॉर्न ऑफर सीधे आपके मोबाइल फोन से जुड़ा है। दरअसल, लोगों को अपने मोबाइल में व्यस्त रहने की इतनी आदत हो गई है कि अक्सर दर्शक थिएटर में फिल्म देखने पर कम ध्यान देते हैं और उनका ध्यान अपने मोबाइल पर ज्यादा होता है। इस आदत से छुटकारा दिलाने के लिए पूर्णिया के रूपबानी सिनेमा के मालिक विशेक चौहान ने अनूठी पहल की है और स्क्रीन के बाहर अपना मोबाइल छोड़कर जाने वाले दर्शकों को मुफ्त में पॉपकॉर्न देना शुरू किया है। पूर्णिया के रूपबानी सिनेमा ने मुफ्त पॉपकॉर्न योजना शुरू की है और पहले दिन से ही उन्हें दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

यह योजना सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ बढ़ाने के लिहाज से भी काफी कारगर साबित हो सकती है। अब देखना यह है कि फिल्म देखते समय दर्शकों को मोबाइल में व्यस्त रहने की आदत से मुक्ति दिलाने से जुड़े रूपबाणी सिनेमा के इस अनूठे उदाहरण से देश के बाकी सिनेमाघर कितने प्रेरित होते हैं। इस समय सिनेमाघरों में कई फिल्में चल रही हैं। लोग इन्हें देखने और मुफ्त पॉपकॉर्न खाने पहुंच रहे हैं। इस समय सिनेमाघरों में पुष्पा 2, बेबी जॉन, मुफासा जैसी फिल्में छाई हुई हैं। 10 जनवरी को फतेह और गेम चेंजर रिलीज होने जा रही हैं।






