Home मनोरंजन अशोक पंडित ने दी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं, बताया किसके लिए है...

अशोक पंडित ने दी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं, बताया किसके लिए है ये दिन बेहद खास

6
0

मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर फिल्म निर्माता-निर्देशक अशोक पंडित ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आज का दिन उन लोगों के लिए बहुत मायने रखता है, जो आध्यात्मिक पथ पर हैं।

इंस्टाग्राम पर महात्मा बुद्ध की एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “बुद्ध पूर्णिमा वो दिन है, जब गौतम परम को प्राप्त होकर बुद्ध बने थे। यह दिन उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जो आध्यात्मिक पथ पर हैं।”

अशोक पंडित से पहले भारतीय जनता पार्टी के सांसद, अभिनेता रवि किशन और अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।

एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर कर रवि किशन ने लिखा, “समस्त देशवासियों को तथागत भगवान गौतम बुद्ध जी की जयंती के पर्व बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। भगवान बुद्ध का त्यागमय जीवन, उनके उत्कृष्ट विचार एवं मानवतापूर्ण शिक्षा हम सभी को अनंत काल तक प्रेरित करती रहेगी।”

बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देने के लिए अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भी इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन का सहारा लिया। उन्होंने पोस्ट में महात्मा बुद्ध के एक विचार को शेयर करते हुए लिखा, “यदि आप सचमुच अपने आप से प्यार करते हैं, तो कभी किसी दूसरे को चोट नहीं पहुंचा सकते।”

बता दें, बुद्ध पूर्णिमा का दिन कई मायनों में बेहद खास माना जाता है। महात्मा बुद्ध को समर्पित यह दिन उनके जन्म, सत्य का ज्ञान और महापरिनिर्वाण के तौर पर मनाया जाता है। वैशाख पूर्णिमा के दिन ही गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था और इसी दिन उन्हें ज्ञान की प्राप्ति भी हुई थी।

महात्मा बुद्ध के अनुयायी इस दिन उनके उपदेश सुनते हैं और उनके मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से मानसिक शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है।

बता दें कि न केवल भारत बल्कि म्यांमार, श्रीलंका, थाईलैंड, नेपाल समेत अन्य देशों में भी बुद्ध पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। श्रीलंका में बुद्ध पूर्णिमा का उत्सव ‘वेसाक’ नाम से मनाया जाता है। इस दिन बौद्ध मंदिरों में दान देने का भी विशेष महत्व है।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here