हिंदू कैलेंडर का पांचवा महीना श्रावण एक पवित्र महीना माना जाता है। सावन का महीना भोलेनाथ की पूजा और उनका आशीर्वाद पाने के लिए पवित्र माना जाता है, यह महीना भगवान शिव को समर्पित है। इस महीने में रखे जाने वाले सोमवार व्रत पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से शिव जी जल्द प्रसन्न होते हैं। आमतौर पर सावन का महीना जुलाई में शुरू होता है और अगस्त में रक्षाबंधन के दिन खत्म होता है। क्या आप जानते हैं कि 2025 में सावन का महीना कब से शुरू होगा और सावन का पहला सोमवार व्रत कब रखा जाएगा?
सावन का महीना 11 जुलाई से शुरू हो रहा है। श्रावण मास की प्रतिपदा तिथि 11 जुलाई 2025 को रात 11 बजकर 07 मिनट से शुरू होगी। वहीं, सावन का महीना 9 अगस्त तक चलेगा। सावन के सोमवार का पहला व्रत 14 जुलाई, सोमवार को रखा जाएगा। क्या आप जानते हैं कि साल 2025 में सावन में कितने सोमवार होंगे? वर्ष 2025 में सावन में कुल 4 सोमवार पड़ेंगे। श्रावण मास में मंगलवार का भी विशेष महत्व है। सावन मास के सभी मंगलवार देवी पार्वती को समर्पित हैं। सावन में मंगलवार को मंगला गौरी व्रत रखा जाता है।
सावन सोमवार 2025 व्रत सूची
- सावन पहला सोमवार 14 जुलाई 2025
- सावन दूसरा सोमवार 21 जुलाई 2025
- सावन तीसरा सोमवार 28 जुलाई 2025
- सावन चौथा सोमवार 4 अगस्त 2025
मंगला गौरी व्रत 2025 सूची
- पहला मंगला गौरी व्रत 15 जुलाई 2025
- दूसरा मंगला गौरी व्रत 22 जुलाई 2025
- तीसरा मंगला गौरी व्रत 29 जुलाई 2025
- चौथा मंगला गौरी व्रत 5 अगस्त 2025
सावन में पड़ने वाले सोमवार के व्रत को बहुत शुभ माना जाता है, इसे सावन सोमवार के नाम से जाना जाता है। इस महीने में भक्त 16 सोमवार व्रत रखना शुरू कर देते हैं। सावन के सोमवार को शिव जी की पूजा की जाती है और उनका जलाभिषेक किया जाता है। जिसे करने से मनचाहा फल प्राप्त होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। मान्यता है कि सावन सोमवार का व्रत करने से जीवन में खुशियां आती हैं। कुंवारी लड़कियों को सुयोग्य और मनचाहा जीवनसाथी मिलता है। सावन के महीने में भोलेनाथ की पूजा करने से पूरे साल की पूजा का फल मिलता है।