बिज़नेस न्यूज़ डेस्क – महाकुंभ 2025 के पहले दिन इक्विटी और करेंसी मार्केट में भारी गिरावट देखने को मिली। आज की गिरावट के साथ निफ्टी और सेंसेक्स 7 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। आज डॉलर के मुकाबले रुपये में 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 86.59 के स्तर पर फिसल गया था। आज सभी वैश्विक बाजारों के मुकाबले भारतीय करेंसी में गिरावट देखने को मिली है।
15 लाख करोड़ रुपये डूबे
आज की कमजोरी के बाद बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में ₹15 लाख करोड़ की गिरावट देखने को मिली। निफ्टी के करीब 90% मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला।
कई महीनों में सबसे बड़ी गिरावट
आज की गिरावट के साथ ही बाजार ने लोकसभा चुनाव 2024 के बाद की सारी बढ़त गंवा दी है। आज प्रमुख इंडेक्स और व्यापक बाजारों समेत बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 4% तक फिसले। वहीं, निफ्टी और सेंसेक्स में 1.4% की गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप इंडेक्स में आज 8 महीने में सबसे बड़ी एक दिनी गिरावट देखी गई। वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स में आज 5 महीने में सबसे बड़ी एक दिनी गिरावट देखी गई।