क्रिकेट न्यूज डेस्क।। टीम इंडिया इस समय 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से भिड़ रही है। लीड्स में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम ने पहले दिन ही 359 रन बना लिए। टीम इंडिया की ओर से कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़े। इसके साथ ही शुभमन गिल ने एक खास लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया। इस लिस्ट में रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋषभ पंत जैसे दिग्गज शामिल हैं।
शुभमन गिल के नाम बड़ा रिकॉर्ड
शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 2000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट लीड्स के हेडिंग्ले में चल रहा है। गिल को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 रन पूरे करने के लिए 107 रनों की जरूरत थी। उन्होंने भारत की पहली पारी के 75वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोश टैंग को छक्का लगाकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
गिल ने किए बड़े कारनामे
शुभमन गिल ने अब तक 14 चौके और एक छक्का लगाया है। उन्होंने इसी ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर अपने 100 रन पूरे किए। इसके साथ ही वह विजय हजारे, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर और विराट कोहली के बाद बतौर कप्तान अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बन गए। रोहित शर्मा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। 38 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित ने भारत के लिए 40 डब्ल्यूटीसी मैच खेले हैं। उन्होंने 9 शतक और आठ अर्धशतकों की मदद से कुल 2716 रन बनाए हैं। उनके बाद विराट कोहली हैं, जिन्होंने 46 मैचों में 2617 रन बनाए हैं। पंत ने 35 डब्ल्यूटीसी मैचों में 2300 से ज्यादा रन बनाए हैं।
WTC में भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़:
रोहित शर्मा- 2716
विराट कोहली- 2617
ऋषभ पंत- 2300
शुभमन गिल- 2002
यशस्वी जायसवाल- 1899
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जो रूट के नाम है। यॉर्कशायर के दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने WTC में 55 मैच खेले हैं और 5543 रन बनाए हैं। उनके बाद मार्नस लैबुशेन (4225) और स्टीव स्मिथ (4151) का नंबर आता है।