बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव की ज़िंदगी में एक 8 साल पुराना मामला फिर से सामने आया है। इस मामले को लेकर अभिनेता ने जालंधर कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। जी हाँ, अभिनेता पर आठ साल पहले धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगा था। जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। समन जारी होने के बाद भी अभिनेता कोर्ट नहीं पहुँच पाए, जिसके बाद वह खुद कोर्ट में सरेंडर करने पहुँच गए। आइए आपको भी बताते हैं कि पूरा मामला क्या है?
अभिनेता ने कोर्ट में सरेंडर क्यों किया?
View this post on Instagram
द ट्रिब्यून और पंजाबी वेबसाइट की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2017 में आई फिल्म ‘बहन होगी तेरी’ से जुड़े इस मामले में कोर्ट ने पहले राजकुमार राव के खिलाफ समन जारी किया था। लेकिन अभिनेता कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा पाए। जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। अब अभिनेता ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है और इस मामले पर अपना जवाब दिया है।
वकील ने दी दलील
अभिनेता दूसरे दिन जालंधर कोर्ट में नकाब पहनकर पहुँचे। वहीं, उनके वकील दर्शन सिंह दयाल ने अभिनेता का बचाव करते हुए दलीलें पेश कीं। वकील ने कहा कि अभिनेता राजकुमार राव फिलहाल मुंबई में रहते हैं और उन तक समन नहीं पहुँच पाया। यही वजह थी कि समन जारी होने के बाद भी वह अदालत में पेश नहीं हो सके। हालाँकि, जब यह मामला उनके संज्ञान में आया, तो वह खुद अदालत में पेश हुए। वकील की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अभिनेता को ज़मानत दे दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी।
क्या है मामला?
बता दें कि फिल्म बहन होगी तेरी में अभिनेता ने बाइक पर बैठकर भगवान शिव का वेश धारण किया था। जिसके बाद जालंधर निवासी एक व्यक्ति ने अभिनेता के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का मामला दर्ज कराया था। वहीं, इस मामले में फिल्म निर्देशक अजय के पन्नालाल और निर्माता टोनी डिसूजा को भी जालंधर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।