साइबर अपराधी रोज़ाना नए-नए तरीकों से लोगों को ठग रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में हर रोज़ 6,000 से ज़्यादा लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होते हैं। इससे हर साल करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साइबर अपराधी अमेज़न कैशबैक के नाम पर यूज़र को ठगने की कोशिश करता है। हालाँकि, अपनी समझदारी के चलते यूज़र साइबर अपराधी के जाल में नहीं फँसता।
कैसे करते हैं ठगी?
@rishibagree नाम के एक यूज़र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 5 मिनट का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें हैकर कैशबैक के नाम पर 8,999 रुपये ठगने की कोशिश करता है। स्कैमर कैशबैक देने के लिए यूज़र से अकाउंट वेरिफिकेशन करने को कहता है। इसके लिए स्कैमर यूज़र को एक लिंक भेजता है। इसके बाद यूज़र से UPI ऐप के ज़रिए पेमेंट करने को कहा जाता है, जहाँ आपको Amazon लिखा हुआ दिखाई देगा।
साइबर अपराधी यूज़र से पिन डालकर इसे प्रोसेस करने को कहता है। हालाँकि, यूज़र ने समझदारी दिखाई और पिन नहीं डाला और खुद को धोखाधड़ी से बचा लिया। इस तरह, आपको भी कैशबैक, इनाम या छूट के नाम पर कॉल आ सकती है। जिस नंबर से स्कैमर उपयोगकर्ता को कॉल करता है, वह एक VoIP यानी इंटरनेट संचालित कॉल होता है, जिसकी शुरुआत +115 से होती है। ऐसे VoIP नंबरों का पता लगाना आसान नहीं होता। स्कैमर खुद को बचाने के लिए इन्हीं नंबरों का सहारा लेते हैं।
कैसे बचें?
जैसा कि वीडियो में दिखाया गया है, आपको किसी भी अंतर्राष्ट्रीय नंबर या VoIP नंबर से आने वाली कॉल को नज़रअंदाज़ करना चाहिए।
अगर आप गलती से ऐसी कॉल उठा लेते हैं, तो अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और कैशबैक या लालच के जाल में न फँसें।
ऐसी कॉल, मैसेज आदि की सूचना सरकार के चक्षु पोर्टल पर दें।








