दिलीप ट्रॉफी 2025 के पहले क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ ज़ोन के लिए आयुष बदोनी ने दमदार खेल दिखाया। ईस्ट ज़ोन के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ ज़ोन ने सधी हुई शुरुआत की। हालांकि, टीम ने 49 रन पर शुभम खजूरिया के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। कुछ देर बाद कप्तान अंकित कुमार भी आउट हो गए। इस तरह नॉर्थ ज़ोन शुरुआती दो विकेट गंवाकर मुश्किल में था, लेकिन यहां से यश ढुल और आयुष बदोनी ने अपनी टीम को संभाला।
बदोनी ने खासतौर पर टीम के लिए तेजी से रन बनाए और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। नॉर्थ ज़ोन के लिए आयुष बदोनी ने 60 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में कुल 7 चौके भी लगाए। इस तरह आयुष बदोनी ने नॉर्थ ज़ोन को मुश्किल से निकालने का काम किया। इस दौरान उन्हें यश ढुल का भी शानदार साथ मिला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए यश ढुल ने 67 गेंदों का सामना किया और 39 रन बनाए।
निशांत संधू ने भी दिखाया दम
आयुष बदोनी के अलावा, निशांत संधू ने भी नॉर्थ ज़ोन के लिए अपनी बल्लेबाज़ी का कमाल दिखाया। निशांत संधू ने नॉर्थ ज़ोन के लिए 70 गेंदें खेलकर 47 रनों का योगदान दिया। निशांत ने अपनी पारी में 4 छक्के और 2 चौके भी लगाए। हालाँकि, मिडिल ऑर्डर के नॉर्थ ज़ोन के बाकी बल्लेबाज़ क्रीज़ पर ज़्यादा समय नहीं बिता पाए, जिससे ईस्ट ज़ोन के गेंदबाज़ों को हावी होने का मौका मिल गया।
गेंदबाज़ी की बात करें तो, ईस्ट ज़ोन के लिए मनीषी ने शानदार खेल दिखाया। दिन का खेल खत्म होने तक मनीषी ने 3 विकेट लिए थे। इसके अलावा उन्होंने मोहम्मद शमी, सूरज सिंधु जायसवाल और मुख्तार हुसैन का एक-एक विकेट लिया।







