‘प्यार का पंचनामा 2’ और ‘उजड़ा चमन’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री करिश्मा शर्मा चलती ट्रेन से कूद गईं, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। करिश्मा ने खुद सोशल मीडिया पर न सिर्फ इसका खुलासा किया है, बल्कि इसके पीछे की वजह भी बताई है। यह घटना बुधवार को हुई। ‘रागिनी एमएमएस 2’ फेम करिश्मा मुंबई लोकल से चर्चगेट जा रही थीं। इसी दौरान वह चलती ट्रेन से कूद गईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
करिश्मा शर्मा चलती ट्रेन से क्यों कूदीं?
करिश्मा शर्मा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में बताया। उन्होंने लिखा, “कल जब मैं एक शूटिंग के लिए चर्चगेट जा रही थी, मैंने साड़ी पहनी हुई थी और मैंने ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया। जैसे ही मैं ट्रेन में चढ़ी, ट्रेन की गति बढ़ गई। तभी मुझे एहसास हुआ कि मेरी दोस्त ट्रेन नहीं पकड़ पाएगी। डर के मारे मैं ट्रेन से कूद गई और दुर्भाग्य से मैं पीठ के बल गिर गई और मेरा सिर ज़मीन पर जा लगा।” करिश्मा आगे लिखती हैं, “मेरी पीठ में चोट लगी है और सिर भी सूज गया है। मेरे शरीर पर चोट के निशान हैं। डॉक्टरों ने मुझे एमआरआई करवाने की सलाह दी है। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सिर की चोट गंभीर है या नहीं। मुझे एक दिन के लिए निगरानी में रखा गया है। कल से मुझे बहुत दर्द हो रहा है, लेकिन मैं पूरी तरह स्वस्थ हूँ। कृपया मेरे ठीक होने की प्रार्थना करें और अपना प्यार देते रहें। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”
करिश्मा शर्मा की दोस्त ने उनकी हालत के बारे में बताया

करिश्मा की एक दोस्त ने भी अस्पताल से उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा हुआ। मेरी दोस्त ट्रेन से गिर गई और उसे कुछ भी याद नहीं है। हमने उसे ज़मीन पर पड़ा पाया। हम उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टर अभी भी उसकी हालत का पता लगा रहे हैं। कृपया उसे अपनी प्रार्थनाओं में रखें। जल्दी ठीक हो जाओ बेबी।” 31 वर्षीय करिश्मा लाला शर्मा ने बॉलीवुड के साथ-साथ टीवी और ओटीटी में भी काम किया है। उन्हें आखिरी बार बॉलीवुड फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ में देखा गया था।





