Home खेल अतुल बेदाड़े : दर्शकों की मांग पर छक्के लगाने वाला बल्लेबाज

अतुल बेदाड़े : दर्शकों की मांग पर छक्के लगाने वाला बल्लेबाज

8
0

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। टी20 क्रिकेट के उदय के साथ छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों का क्रेज बढ़ा है। भारत में एक ऐसा भी बल्लेबाज था, जो उस समय दर्शकों की मांग पर छक्के लगाने के लिए मशहूर था, जब टी20 की कल्पना भी नहीं की गई थी।

दर्शकों की मांग पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज थे अतुल चंद्रकांत बेदाड़े, जिन्हें अतुल बेदाड़े के नाम से भी जाना जाता है। बेदाड़े का जन्म 24 सितंबर 1966 को मुंबई में हुआ था। वह बड़े शॉट लगाने वाले विलक्षण प्रतिभा के बल्लेबाज थे। उन्हें ‘बिग हिटर’ के रूप में जाना जाता था। वे ताकत से बल्लेबाजी करते थे और गेंद को मैदान के बाहर भेजने में माहिर थे।

अतुल बेदाड़े ने 28 साल की उम्र में 13 अप्रैल 1994 को यूएई के खिलाफ वनडे से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज किया था। वह भारत के लिए 13 वनडे खेल पाए। उन्हें टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिल सका। वनडे में 1 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 158 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 86.33 रही, जो उस दौर के अधिकांश बल्लेबाजों से कहीं ऊंची थी। पाकिस्तान के खिलाफ खेले एक मैच में उन्होंने 4 छक्के लगाए थे।

बेदाड़े के पास ताकत तो थी, लेकिन फुट वर्क की कमी थी। एक बल्लेबाज के लिए फुट वर्क बेहद जरूरी होता है। इसके बिना बल्लेबाजों का किसी भी स्तर पर लंबी पारी खेलना मुश्किल होता है। फुट वर्क कम होने की वजह से बेदाड़े को शॉर्ट पिच गेंद खेलने में परेशानी होती है और इसी वजह सें वह भारतीय टीम से ड्रॉप हो गए।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा की तरफ से उन्होंने लंबी पारी खेली। 64 प्रथम श्रेणी मैचों में 10 शतक और 15 अर्धशतक लगाते हुए 3,136 रन बनाए। उनका सर्वाधिक स्कोर 159 रहा। वहीं, 60 लिस्ट ए मैचों में 8 अर्धशतक लगाते हुए 1,217 रन बनाए।

क्रिकेट से संन्यास के बाद वह पिच क्यूरेटर और कोच के रूप में भी सक्रिय रहे हैं। हालाांकि भारतीय क्रिकेट, खासकर घरेलू क्रिकेट में एक ऐसे ताकतवर बल्लेबाज के रूप में माना जाता है, जो दर्शकों की मांग पर छक्का लगाता था।

–आईएएनएस

पीएके/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here