Home मनोरंजन कृति सेनन और धनुष की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ ने की बंपर...

कृति सेनन और धनुष की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ ने की बंपर ओपनिंग, खुशी से गदगद हुई एक्ट्रेस

6
0

मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ सुपरस्टार धनुष और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है और फिल्म ने पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है।

कृति सेनन ने फिल्म के पहले दिन का कलेक्शन शेयर किया है और फिल्म को इतना सारा प्यार देने के लिए फैंस का दिल से धन्यवाद दिया है।

कृति सेनन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का कलेक्शन शेयर किया है। एक्ट्रेस के पोस्ट के मुताबिक फिल्म ने सिर्फ हिंदी बेल्ट में 15.06 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म की ओपनिंग से साफ है कि फिल्म फैंस का दिल जीतने में कामयाब रही है। फिल्म को तीन भाषाओं में रिलीज किया है और ये कलेक्शन सिर्फ हिंदी बेल्ट का है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन तीनों भाषाओं में लगभग 18 करोड़ तक हो सकता है। अपनी फिल्म की बंपर ओपनिंग से कृति सेनन काफी खुश हैं, और फिल्म को इतना प्यार देने के लिए उन्होंने फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया है।

एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, “मुक्ति और शंकर इश्क के साथ मुस्कुरा रहे हैं। आपका प्यार सबसे बड़ा इनाम है, हमारी फिल्म को दिल से प्यार करने के लिए शुक्रिया!”

बता दें कि इससे पहले कृति की मल्टीस्टारर फिल्म ने तगड़ी ओपनिंग की है, लेकिन उनकी सिंगल लीड फिल्मों की ओपनिंग 10 करोड़ के नीचे ही रही है। एक्ट्रेस की ‘भेड़िया’, ‘मिली’, ‘शहजादा’, ‘लुकाछिपी’, और ‘तेरी बातों नें ऐसा उलझा जिया’ जैसी फिल्मों की ओपनिंग 10 करोड़ के नीचे ही रही है, हालांकि प्रभास के साथ आई मल्टीस्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ की ओपनिंग लगभग 36 करोड़ थी और शाहरुख के साथ बतौर सेकेंड लीड फिल्म ‘दिलवाले’ ने पहले दिन 21 करोड़ की कमाई की थी।

बात अगर धनुष की करें तो इस फिल्म को उनकी पहली फिल्म ‘रांझणा’ से जोड़कर देखा जा रहा है। ‘रांझणा’ में भी एक्टर का किरदार एक तरफा आशिक का था और इस फिल्म में भी वे कृति के प्यार में पागल दिख रहे हैं। उनकी पहली डेब्यू फिल्म ‘रांझणा’ ने हिंदी बेल्ट में पांच करोड़ की ओपनिंग की थी, लेकिन ‘तेरे इश्क में’ ने एक्टर की पहली फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

फिल्म 28 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। माना जाता रहा है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई का आंकड़ा बढ़ सकता है। अब देखना होगा कि फिल्म वीकेंड पर कैसा प्रदर्शन करती है।

–आईएएनएस

पीएस/डीएससी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here