मनोरंजन न्यूज़ डेस्क – सिंगर, एक्टर, राइटर…प्रोड्यूसर मल्टीटैलेंटेड दिलजीत दोसांझ को आज किसी परिचय की जरूरत नहीं है। दिलजीत दोसांझ ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से की और आज वो अपने टैलेंट के दम पर दुनियाभर में नाम कमा चुके हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पंजाब के एक छोटे से गांव दोसांझ कलां का ये मुंडा कैसे इंटरनेशनल स्टार बन गया।
संगीत के प्रति जुनून ने उसे दुनियाभर में पहचान दिलाई!
दिलजीत दोसांझ का जन्म पंजाब के एक छोटे से गांव में हुआ था। उनके पिता रोडवेज में काम करते थे और मां हाउसवाइफ थीं। जैसे-जैसे दिलजीत बड़े हुए, उनके सपने भी बड़े होने लगे। वो गांव की गलियों से निकलकर लुधियाना शहर पहुंचे और वहां उन्हें संगीत का शौक हो गया। एंटरटेनमेंट रिपोर्ट्स की मानें तो दिलजीत ने सबसे पहले कीर्तन करना शुरू किया, वो गुरुवाणी गाते थे। यहीं से मानो दिलजीत को गुरु का आशीर्वाद मिला और संगीत ने उन्हें अपना लिया। इसके बाद दिलजीत ने सुरों को समझना भी शुरू किया और फिर तय किया कि वो इसे ही अपना प्रोफेशन बनाएंगे।
पहली एल्बम के बाद ऐसे बन गए यूथ स्टार!
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ की पहली एल्बम इश्क दा उदय ऐदा 2004 में रिलीज हुई थी। इसके बाद दिलजीत धीरे-धीरे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने लगे। इसके बाद दिलजीत की दोस्ती रैपर हनी सिंह से हुई। साल 2009 में दिलजीत और हनी सिंह की एल्बम गोलियां रिलीज हुई। इस एल्बम ने दिलजीत को यूथ स्टार बना दिया और दिलजीत का नाम हर युवा की जुबान पर चढ़ गया।
अभिनय का भी दिखाया हुनर
गायन के साथ-साथ दिलजीत दोसांझ ने अपनी एक्टिंग का भी कमाल दिखाया। सिर्फ पंजाबी फिल्मों में ही नहीं बल्कि दिलजीत ने बॉलीवुड में भी अपना हुनर दिखाया। दिलजीत ने जट्ट एंड जूलियट, सरदार जी, अंबरसिया, डिस्को सिंह, पंजाब 1984, सूरमा, सुपर सिंह, फिल्लौरी, गुड न्यूज, हौंसला रख, चमकीला जैसी कई फिल्मों में काम किया है। इतना ही नहीं, दिलजीत ने साल 2023 में दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक फेस्टिवल्स में से एक कोचेला में परफॉर्म कर पूरे भारत को गौरवान्वित किया है।